रेहटी। सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा में बने करोड़ों रूपए की लागत के आयुष्मान आरोग्य मंदिर दुर्दशा के शिकार हो रहे हैं। रेहटी तहसील स्थित ग्राम पंचायत सेमरी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर को जहां लोकार्पण का इंतजार है तो वहीं लोकार्पित हो चुके मरदानपुर के आरोग्य मंदिर को सुविधाओं की दरकार है। राजनीति की भेंट चढ़े इन आरोग्य मंदिरों में जहां लोगों को इलाज ही नहीं मिल पा रहा है तो वहीं उन्हें इलाज के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है।
लोगों को इलाज की त्वरित सुविधाएं मिल सके, इसके लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनवाए गए इन आरोग्य मंदिरों में करोड़ों रूपए की राशि भी खर्च की गई। यह स्थिति बुधनी विधानसभा क्षेत्र की है। यहां पर मरदानपुर स्थित आरोग्य मंदिर का जहां ताबड़तोड़ तरीके से लोकार्पण करवा दिया, वहीं करीब 8 माह से बनकर तैयार आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमरी को अब तक लोकार्पण का इंतजार है। इसके कारण यहां पर लोगों को इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि ये आरोग्य मंदिर राजनीति की भेंट चढ़ गए हैं।
वाहवाही कराने करा दिया लोकार्पण, इधर नहीं मिल रहा समय-
बुधनी विधानसभा की रेहटी तहसील के ग्राम मरदानपुर में करीब 90 लाख रूपए की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया गया है। यहां पर पहले से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी है और अब उसी के पास यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनवाया गया है। अधूरे निर्माण के बीच अपनी वाहवाही कराने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इसका लोकार्पण विधायक रमाकांत भार्गव एवं युवा नेता कार्तिकेय सिंह चौहान के हाथों करवा दिया। लोकार्पण के बाद भी यह आरोग्य मंदिर इलाज के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि यहां पर अभी फर्नीचर भी तैयार नहीं है तो वहीं इसका घटिया निर्माण कार्य के कारण सभी दीवारों में दरारें आ रही हैं। पुरानी टीन रखकर खानापूर्ति कर दी गई। बताया जा रहा है कि अधूरे निर्माण के बीच ही ठेकेदार ने दबाव बनाकर जबरदस्ती इसको स्वास्थ्य विभाग के हैंडओव्हर भी कर दिया है। इधर करीब 60 लाख की लागत से बने ग्राम पंचायत सेमरी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर को अब तक लोकार्पण का इंतजार है। आरोग्य मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, लेकिन समय नहीं मिलने के कारण इसका अब तक लोकार्पण नहीं हो सका है। हालांकि बताया जा रहा है कि यहां पर सिस्टर बैठकर इलाज कर रही हैं, लेकिन लोकार्पण से पहले यह भी नियमानुसार गलत है। आठ माह से धूल खा रहे आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण कब तक होगा, इसका कोई भी ठोस जबाव नहीं दे पा रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि स्थानीय नेताओं को विधायक द्वारा अब तक इसके लिए समय नहीं दिया गया है। ग्राम पंचायत सेमरी के सरपंच रामकरण यादव ने बताया कि करीब 7-8 माह पहले ही इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एक-दो स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इसके लोकार्पण को लेकर चर्चा भी हुई, लेकिन विधायक महोदय द्वारा समय नहीं मिलने के कारण अब तक इसका लोकार्पण नहीं हो सका है। कोशिश कर रहे हैं कि जल्द ही इसका लोकार्पण कार्य पूरा हो, ताकि लोगों को यहां पर इलाज मिल सके।



