Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

दिखावे की सफाई नहीं, पूरी सीवन नदी को स्वच्छ बनाएं: सांसद शर्मा

घाटों पर गंदगी और जलकुंभी देख बिफरे सांसद, सीएमओ और नपा अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार

सीहोर। भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर प्रवास के दौरान स्थानीय सीवन नदी के विभिन्न घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नदी में चारों तरफ फैली गंदगी और भारी मात्रा में जमा जलकुंभी को देखकर वे बेहद नाराज हो गए। घाटों की बदहाली पर सांसद का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर मौजूद मुख्य नगरपालिका अधिकारी व अन्य नपा अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान सांसद आलोक शर्मा ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि केवल घाटों के ऊपर-ऊपर सांकेतिक (दिखावे की) साफ सफाई करने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि पूरी सीवन नदी को जड़ से स्वच्छ बनाना बेहद आवश्यक है। सांसद ने कहा कि उन्होंने खुद नगरपालिका के अधिकारियों को दफ्तरों से निकालकर मैदान में उतारा है ताकि नदी और घाटों की मुस्तैदी से सफाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को केवल कागजों और दिखावे तक सीमित न रखकर धरातल पर ठोस काम करके दिखाया जाए।
हाथों में थामी झाड़ू और तसला, किया श्रमदान
नदी को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ सांसद आलोक शर्मा ने केवल निर्देश ही नहीं दिए, बल्कि वे खुद भी मैदान में उतरे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नदी किनारे श्रमदान किया। सांसद ने अपने हाथों में झाड़ू और तसले थामकर घाटों पर बिखरे कचरे को साफ किया।
स्वच्छता सेवकों की पीठ थपथपाई
सफाई अभियान के दौरान सांसद ने नगर पालिका के स्वच्छता सेवकों की कड़ी मेहनत की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे स्वच्छता सेवक लगातार विपरीत परिस्थितियों में भी सीवर और नदी की साफ सफाई के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
जल्द सुंदर और स्वच्छ दिखेंगे सीवन के घाट
सांसद आलोक शर्मा ने सीहोर के स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सीवन नदी हमारी धरोहर है। नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और स्थानीय प्रशासन के बेहतर समन्वय व आपसी तालमेल से बहुत जल्द सीवन नदी के सभी घाटों को पूरी तरह स्वच्छ, कचरामुक्त और सुंदर बना दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button