Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सीहोर में आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

- सीहोर जिले में 27 जून तक औसत 119.5 मिमी वर्षा दर्ज-

सीहोर। जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे लसूडिया बोडी और सिराडी गांव में हुए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पहली घटना लसूडिया बोडी गांव की है। यहां भरत जांगड़ा (26) और दौलत सिंह खेत में फसलों पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी

दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों इसकी चपेट में आ गए। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलकिसगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान भरत जांगड़ा की मौत हो गई। दौलत सिंह का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दूसरी घटना इछावर थाना क्षेत्र के सिराडी गांव की है। यहां 18 वर्षीय पवन पिता राधेश्याम अपनी मां के साथ घर के आंगन में बैठकर मोबाइल चला रहा था, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उस पर गिर गई। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने पर इछावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी-
मौसम विभाग और जिला प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में घर के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें तथा खुले स्थानों पर मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग करने से बचें।
सीहोर जिले में 27 जून तक औसत 119.5 मिमी वर्षा दर्ज-
इधर जिले में मानसून की गतिविधियां जारी हैं। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त दैनिक वर्षा रिपोर्ट के अनुसार 27 जून 2026 को जिले में औसतन 7.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 22.0 मिमी वर्षा इछावर तहसील में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा भैरूंदा में 17.0 मिमी, जावर में 16.0 मिमी, आष्टा में 5.0 मिमी तथा श्यामपुर में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सीहोर, बुधनी एवं रेहटी तहसीलों में वर्षा दर्ज नहीं की गई। 01 जून 2026 से 27 जून 2026 तक जिले में औसतन 119.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इसी अवधि में गत वर्ष 159.4 मिमी वर्षा हुई थी। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार भैरूंदा में सर्वाधिक 191.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा इछावर में 170.0 मिमी, बुधनी में 147.0 मिमी, सीहोर में 120.7 मिमी, जावर में 97.1 मिमी, आष्टा में 90.0 मिमी, रेहटी में 79.6 मिमी तथा श्यामपुर में 60.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button