Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मंडप में गूंजने वाली थी शहनाई, ऐन वक्त पर पुलिस उठा ले गई दूल्हे को

सीहोर। कहते हैं शादियां स्वर्ग में तय होती हैं्र लेकिन सीहोर के एक युवक के लिए उसकी शादी का मंडप सीधे थाने का रास्ता बन गया। सीहोर के एक मैरिज गार्डन में शहनाइयां गूंज रही थीं, रिश्तेदार नए जोड़े को आशीर्वाद देने की तैयारी में थे और दूल्हा राजा सात फेरों के लिए मंडप में बैठने ही वाले थे। लेकिन इससे पहले कि पंडित जी मंत्र पढ़ते्र इंदौर की चंदन नगर थाना पुलिस ने सिंघम स्टाइल में एंट्री मारी और दूल्हे को हिरासत में लेकर इंदौर रवाना हो गई। शादी के खुशनुमा माहौल के बीच हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे से हर कोई सन्न रह गया।
पुलिस के अनुसार सीहोर निवासी आरोपी रवि विश्वकर्मा की बहन चंदन नगर में रहती है। रवि का अपनी बहन के घर अक्सर आना जाना लगा रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली एक युवती से हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। युवती का आरोप है कि रवि ने उससे शादी करने का पक्का भरोसा दिया था। इसी वादे की आड़ में आरोपी पिछले 1 साल से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। लेकिन जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो रवि अपने वादे से मुकर गया और सीहोर में दूसरी जगह अपनी शादी तय कर ली।
थाने के चक्कर काटती रही पीडि़ता
धोखे से टूटी पीडि़त युवती पिछले दो दिनों से न्याय की गुहार लेकर चंदन नगर थाने के चक्कर काट रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों ने पहले रवि को फोन कर शांति से थाने आने को कहा ताकि दोनों पक्षों में बातचीत का कोई रास्ता निकल सके। लेकिन शादी के जश्न में डूबे रवि ने थाने आने से साफ इनकार कर दिया। आरोपी का यह रवैया ही उसकी सबसे बड़ी भूल साबित हुआ।
समझौते की कोशिश हुई थी नाकाम
पुलिस ने शुरुआती स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया था। रवि को बातचीत के लिए मौका दिया गया था, लेकिन उसके न आने पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया और सीधे सीहोर के लिए स्पेशल टीम रवाना कर दी।
शहनाई की जगह गूंजा पुलिस का सायरन
बुधवार को जब सीहोर में रवि की शादी की रस्में शुरू होने वाली थीं, तभी इंदौर पुलिस वहां आ धमकी। रस्मों के बीच से ही पुलिस ने दूल्हे रवि को हिरासत में ले लिया। दूल्हे के अचानक इस तरह पकड़े जाने से शादी समारोह में हडक़ंप मच गया। पुलिस रवि को गाड़ी में बैठाकर सीधे इंदौर ले आई, जहां पीडि़ता की लिखित शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की पूरी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button