Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान: रेहटी पुलिस ने जब्त किया 10 हजार का अवैध गांजा, आरोपी गिरफ्तार

- 15 से 30 जुलाई तक जिले भर में चलाया जा रहा है विशेष अभियान

सीहोर। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के तहत सीहोर पुलिस सख्त मूड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनिता रावत तथा बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना रेहटी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बेचने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रेहटी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से गांजे की बिक्री की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जगदीश मालवीय पिता लालजी मालवीय निवासी रेहटी को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था, ताकि इसकी पूरी सप्लाई चेन को ध्वस्त किया जा सके।
पुलिस ने चलाया जागरूकता कार्यक्रम
एक तरफ जहां रेहटी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई, वहीं दूसरी तरफ आष्टा अनुभाग के अंतर्गत आने वाले थाना आष्टा, पार्वती, जावर और सिद्दीकगंज पुलिस द्वारा आमजन और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर हुए जनसंवाद
सोमवार को आष्टा पुलिस ने शास्त्री विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावर, बायपास चौपाटी पार्वती थाना तथा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल कासम खजूरिया सिद्दीकगंज सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
इन कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों, यात्रियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों को शॉर्ट फिल्में, वीडियो, रील, बैनर, पोस्टर और पम्पलेट के माध्यम से नशे के सामाजिक, मानसिक, आर्थिक व शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंत में मानव श्रृंखला बनाई गई, स्लोगन लगाए गए और सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।
आमजनों से की अपील
– किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ, शराब एवं नशीली दवाओं के सेवन से पूरी तरह दूर रहें।
– युवाओं को नशे से बचाकर खेलकूद और शिक्षा जैसी सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं।
– नशीले पदार्थों के क्रय विक्रय या अवैध सेवन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
– यदि कोई नशे की लत का शिकार है तो नशा मुक्ति केंद्र और चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
– समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button