Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

कलेक्टर ने आरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, बोले- आवेदकों को न चक्कर लगवाएं, समय पर दें सेवाएं

ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन और परमिट के ऑनलाइन आवेदनों का समय सीमा में निपटारा करने के निर्देश

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. ने सोमवार को जिला परिवहन कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दफ्तर की व्यवस्थाओं, रिकॉड्र्स तथा आमजन को मिलने वाली ऑनलाइन सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सख्त लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुसार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी कार्यप्रणाली अपनाई जाए ताकि जिले के नागरिकों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आरटीओ में संचालित सारथी और वाहन पोर्टल की कार्यप्रणाली को देखा। उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र तथा टैक्स भुगतान से जुड़ी ऑनलाइन प्रक्रियाओं का रिव्यू किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी ऑनलाइन आवेदनों का तय सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। दफ्तर आने वाले आवेदकों व नागरिकों को बेवजह इंतजार न करना पड़े और उनके साथ शालीन व्यवहार किया जाए। लंबित मामलों की रोजाना समीक्षा कर फाइलें तुरंत क्लियर की जाएं।
दफ्तर में सुधरेंगी सुविधाएं, हेल्प डेस्क होगी मजबूत
कलेक्टर ने आरटीओ परिसर में साफ सफाई फाइलों के व्यवस्थित रख रखाव और भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूर दराज से आने वाले लोगों के लिए पीने के साफ पानी, बैठने की समुचित व्यवस्थाए स्पष्ट सूचना बोर्ड तथा एक सक्रिय हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को जानकारी के लिए भटकना न पड़े।
चेकिंग अभियान तेज करने के आदेश
सडक़ सुरक्षा को बेहद अहम बताते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले में पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और नाबालिग चालकों द्वारा वाहन चलाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। स्कूली बसों, यात्री बसों और व्यावसायिक वाहनों की नियमित फिटनेस जांच की जाए ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। विभाग का काम सिर्फ चालान काटना नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर एक सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाना है। निरीक्षण के दौरान परिवहन अधिकारी रितेश तिवारी सहित विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button