Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

स्कूल जा रहे शिक्षकों की कार अनियंत्रित होकर पलटी, तीन गंभीर रूप से घायल

बिलकिसगंज थाना क्षेत्र की घटना, समय पर स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में हुआ हादसा

सीहोर। बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सडक़ हादसा सामने आया है। समय पर स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में शिक्षकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार तीनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह तीन शिक्षक कार में सवार होकर अपने स्कूल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि स्कूल समय पर पहुंचने के चक्कर में कार की रफ्तार काफी तेज थी। बिलकिसगंज क्षेत्र में रास्ते के दौरान अचानक तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सडक़ किनारे पलटते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार तीनों शिक्षक अंदर ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दिखाई इंसानियत, पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए मदद का हाथ बढ़ाया। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को काफी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से तत्काल बिलकिसगंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत घायलों का उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बिलकिसगंज थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस ने घायलों के परिजनों और संबंधित स्कूल प्रशासन को हादसे की सूचना दे दी है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन की तेज रफ्तार और कार का अचानक संतुलन बिगडऩा ही माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button