अस्पताल के महिला चेंजिंग रूम की घड़ी में मिला हिडन कैमरा, भडक़ीं महिला कर्मचारियों ने रोका मंत्री का काफिला

सीहोर। जिले के बिलकिसगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और निजता से खिलवाड़ का एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल के महिला चेंजिंग रूम में दीवार पर लगी एक घड़ी के अंदर गुप्त (हिडन) कैमरा और मेमोरी चिप पाई गई है। इस घटना के उजागर होते ही स्वास्थ्य केंद्र में हडक़ंप मच गया और महिला कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में पदस्थ महिला स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सिंग स्टाफ को चेंजिंग रूम की घड़ी की बनावट कुछ अजीब और संदिग्ध लगी। जब कर्मचारियों ने घड़ी को उतारकर ध्यान से देखा तो उनके होश उड़ गए, उसमें बहुत ही बारीकी से एक सूक्ष्म कैमरा और मेमोरी कार्ड छुपाकर लगाया गया था। पीडि़त महिला कर्मचारियों का कहना है कि कपड़े बदलने की जगह पर कैमरा लगाना सीधे तौर पर उनकी निजता पर हमला और मानसिक उत्पीडऩ है।
मंत्री वर्मा का काफिला रोका
घटना की शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा तुरंत कठोर कदम न उठाने और मामले पर पर्दा डालने की कोशिश का आरोप लगाते हुए महिला स्टाफ का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज कर्मचारियों ने सीहोर दौरे पर आए प्रदेश के राजस्व मंत्री व इछावर विधायक करण सिंह वर्मा का काफिला रोककर जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने मंत्री के सामने रखीं ये मुख्य मांगें
फॉरेंसिक जांच: चेंजिंग रूम से मिले मेमोरी कार्ड की तत्काल फॉरेंसिक जांच हो ताकि यह साफ हो सके कि उसमें क्या-क्या रिकॉर्ड हुआ है।
अस्पताल की स्कैनिंग: अस्पताल परिसर, शौचालयों और अन्य संवेदनशील हिस्सों की तकनीकी रूप से पूरी जांच कराई जाए।
कड़ी सजा: इस कृत्य में शामिल दोषी कर्मचारी या अधिकारी को चिन्हित कर उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
सख्त कार्रवाई का आश्वासन
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए पीड़ित महिला कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. नवीन मेहर ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही विभागीय और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह कैमरा किसने और किस नीयत से लगाया था।



