डाबरी के जंगल में 3 हेक्टेयर वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार, सागौन की लकड़ी व ट्रैक्टर जब्त

सीहोर। मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड सीहोर परियोजना मंडल के वन अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधनी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डाबरी के जंगल में वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया है। वन विभाग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी, कुल्हाडिय़ां और अतिक्रमण में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रैक्टर जब्त किया है।
संभागीय प्रबंधक से मिली जानकारी के अनुसार डाबरी के वन क्षेत्र में लगभग 2.991 हेक्टेयर (करीब 3 हेक्टेयर) सरकारी वन भूमि पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी और कार्रवाई की। इस दौरान आरोपियों द्वारा काटी गई 2.556 घन मीटर इमारती सागौन की लकड़ी जब्त की गई।
4 आरोपी गिरफ्तार, भेरूंदा कोर्ट में पेश
मामले में कार्रवाई करते हुए वन अमले ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भेरूंदा न्यायालय में प्रस्तुत किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम भूराखेड़ा निवासी महेश बारेला, पांडिया बारेला, राजेश बारेला और कृपाल बारेला शामिल हैं। आरोपी महेश के घर से 4 कुल्हाडिय़ां भी बरामद की गई हैं।
ट्रैक्टर राजसात की प्रक्रिया शुरू, रोपे जाएंगे 8 हजार पौधे
अतिक्रमण के प्रयास में उपयोग किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर उसे शासकीय संपत्ति घोषित करने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वन विभाग ने बताया कि कब्जा मुक्त कराई गई इस भूमि पर पर्यावरण संरक्षण के तहत 8000 सागौन के नए पौधे लगाने का कार्य शुरू किया जा रहा है।



