नेपाल बाढ़ पीडि़तों की मदद को आगे आई सीवन पुत्र टीम, सडक़ों पर जुटाया सहयोग, बच्ची से लेकर बुजुर्गों ने बढ़ाया हाथ

सीहोर। पड़ोसी देश नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से बेघर और प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए सीवन पुत्र टीम ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पीडि़तों को राहत पहुंचाने के लिए टीम के सदस्यों ने शहर में घूम-घूमकर आर्थिक सहायता राशि जुटाने की विशेष पहल की।
सीवन पुत्र टीम के सदस्यों ने शहर के लिसा टॉकीज से लेकर कोतवाली चौराहे तक जन-जागरूकता अभियान चलाया और आम नागरिकों से बाढ़ पीडि़तों के सहयोग की अपील की। इस दौरान सबसे पहले एक छोटी बच्ची ने सहायता पात्र में अपनी गुल्लक से सहयोग राशि डालकर इस पुनीत कार्य का शुभारंभ किया। इसके बाद दुकानदारों, राहगीरों और बुजुर्गों ने अपनी सामथ्र्य अनुसार सहयोग राशि प्रदान की।
मानवता की कोई सीमा नहीं होती
अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने कहा नेपाल में आई भीषण बाढ़ से जनधन की भारी हानि हुई है। आपदा की इस घड़ी में उनकी मदद करना हमारा नैतिक और मानवीय दायित्व है। मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता, इसी सोच के साथ हमारी टीम ने यह पहल की है। हमारा प्रयास है कि शहर से एकत्र की गई सहायता राशि को जल्द से जल्द पीड़ितों तक पहुंचाया जाए। अभियान के दौरान यूट्यूबर अशोक नामदेव ने देशभक्ति और सेवा भावना से ओत-प्रोत गीतों की सुरीली प्रस्तुतियां दीं।
टीम के सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
इस सेवा कार्य में सीवन पुत्र रामगोपाल आर्य, वीरेंद्र सिंह बिसौरिया, प्रदीप साबू, दिनेश कुमार, दिनकर, हरीश आर्य, देवेंद्र राय, सुनील शर्मा, सुरेश भगत, बाबू डागर, लक्ष्मण सिंह चौकसे, अशोक नामदेव, मुकेश राय, कैलाश चव्हाण, वैभव राठौर, कनीराम मालवीय, प्रकाश यादव, संतोष मेवाड़ा, मोहन लाल राय, बीएल बकोरिया, नितेश जायसवाल, राधेश्याम मकवाना, उमेश चावड़ा, देवेश सिसोदिया और विल्सन जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।



