Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

इश्क, शक और कत्ल, 12 घंटे में सुलझी अंबर नदी किनारे पड़ी लाश की गुत्थी, आरोपी सलाखों के पीछे

सीहोर। भैरूंदा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भूराखेड़ा के पास हुई अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में एक व्यक्ति ने युवक के सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भूराखेड़ा के पास स्थित अंबर नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मुकेश उर्फ पप्पू बारेला के रूप में हुई। मृतक के भाई संतोष बारेला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
पुलिस की घेराबंदी में फंसा आरोपी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भैरूंदा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने शक के आधार पर संदिग्ध विनोद बारेला निवासी खामखेड़ा हाल भूराखेड़ा को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सिरफिरे पति ने कबूला गुनाह
आरोपी विनोद ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे अपनी पत्नी और मुकेश के बीच अवैध संबंध होने का गहरा शक था। इसी रंजिश के चलते घटना वाले दिन उसने मुकेश को रास्ते में रोका और भारी पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। अंधे कत्ल की इस गुत्थी को 12 घंटे में सुलझाने में निरीक्षक घनश्याम सिंह दांगी, उनि राजेश यादव, उनि पूजा सिंह राजपूत, सउनि सुंदरलाल सरयाम, प्रआ प्रकाश नर्रे, प्रआ. मनोक परते, प्रआ. विश्वास सीराम, आर. बसंत मीणा, आर. लवकेश जाट और आर. सत्येंद्र दोहरे की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button