Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

सीहोर में हुई भाजपा की जिला कार्यसमिति एवं सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला

- 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा अभियान, होंगे कार्यक्रम आयोजित

सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसको लेकर सीहोर जिला कार्यसमिति की बैठक व जिला कार्यशाला क्रिसेंट रिसोर्ट में आयोजित की गई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने अभियान की रूपरेखा व उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डाॅ.श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ किया गया।
सब मिलकर विकसित भारत-2047 के संकल्प को सिद्ध करें: डाॅ. महेंद्र सिंह
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश प्रभारी डाॅ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया, सेवा चित्र, सेवा स्मरण, कहानी बदलाव की, आंगन का मिलन, सेवा ज्योति यात्रा और सेवा सेतु अभियान, बड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा के रंग, इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट तक जैसे आयोजनों को जन-जन तक पहुंचाकर विकसित भारत 2047 के संकल्प को सिद्ध करें। प्रदेश प्रभारी द्वारा इन सभी विषयों को विस्तार से समझाया गया। भोपाल संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह चैहान ने सभी कार्यकर्ताओं को इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने व सभी कार्यों को प्रभावी तरीके से संपन्न करने हेतु निर्देशित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने अपने संबोधन में संगठन के पिछले कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत की व संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों के द्वार तक पहुंचेगा। जिला प्रभारी विकास विरानी ने कहा कि विकास और योजनाओं के सकारात्मक प्रभावों को डिजिटल माध्यमों और रील साझा कर आम नागरिकों को इस महाअभियान में सहभागी बनाया जाएगा। जिला टोली संयोजक एवं पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रवि मालवीय ने पीपीटी के माध्यम से सभी विषयों को विस्तार से समझाया व सभी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को गति देने का आह्वान किया। सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि इस अभियान के तहत युवा, महिलाएं व समाज का हर वर्ग एकजुट होकर विकसित भारत के सपने को साकार करेगा। बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
राजनीतिक प्रस्ताव हुआ पेश-
कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री पंकज गुप्ता द्वारा प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यकाल और विकसित भारत संकल्प के समर्थन में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे सभा में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने करतल ध्वनि से सर्वसम्मति से पारित व समर्थित किया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन जिला महामंत्री जितेन्द्र गौड़ ने किया। अंत में जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात राष्ट्रगान का गायन हुआ। कार्यक्रम में विशेष रूप से अतिथियों के अतिरिक्त आष्टा विधायक गोपाल इंजीनियर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल अरोरा व सीताराम यादव, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, सहित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, सेवा संकल्प अभियान जिला टोली, समस्त जिला पदाधिकारी, समस्त मंडल अध्यक्ष, समस्त मंडल प्रभारी, सीहोर व आष्टा नगरपालिका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, नगर परिषद् के अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button