जिला न्यायालय में उल्लास खेलकूद प्रतियोगिता, एडवोकेट-11 बनी क्रिकेट चैंपियन, जजों और वकीलों ने दिखाया खेल भावना का जज्बा

सीहोर। विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला न्यायालय में उल्लास एक अभिनव प्रयोग के तहत दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा उनके बीच आपसी समन्वय, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करना था।
प्रतियोगिता के पहले दिन यानी 9 अक्टूबर को जिला न्यायालय परिसर में इंदौर व भोपाल संभाग के माहौल जैसा ही उत्साह देखने को मिला। परिसर में शतरंज, कैरम, बैडमिंटन, म्यूजिकल चेयर रेस और रस्साकशी जैसी रोचक खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कोर्ट कर्मचारियों ने काम के तनाव को भूलकर पूरे दिल से हिस्सा लिया।
एडवोकेट-11 ने कोर्ट-11 को हराया
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 10 अक्टूबर को आवासीय खेलकूद क्रिकेट ग्राउंड पर क्रिकेट टूर्नामेंट खेला गया, जिसमें कुल चार टीमों ने दमखम दिखाया। फइनल मुकाबला एडवोकेट-11 और कोर्ट-11 की टीमों के बीच बेहद रोमांचक रहा। उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए एडवोकेट-11 की टीम ने पुाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की, वहीं कोर्ट-11 की टीम उपविजेता रही।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने बांटे पुरस्कार
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि प्रधान जिला न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने विजेता एडवोकेट-11 और उपविजेता कोर्ट-11 की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज और अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों से नवाजा गया।
अनुशासन और पारस्परिक सहयोग का दिया संदेश
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वप्नश्री सिंह, विभिन्न न्यायालयों के न्यायाधीश, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलंटियर्स और न्यायिक कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी सहयोग का परिचय देते हुए इस आयोजन को बेहद यादगार और सफल बनाया।



