सूने मकान को बनाया निशाना, पुलिस ने आभूषण और नकदी चुराने वाले 3 शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

सीहोर। पार्वती थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोडक़र नगदी और जेवरात चुराने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और करीब 125 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची है। चोरी गया पूरा माल बरामद कर आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्वती थाना क्षेत्र के जिया पैलेस के पीछे, पार्वती कॉलोनी चौपाटीद्ध निवासी नितिन पुत्र कैलाश धनगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 सितंबर की शाम वे अपने घर पर ताला लगाकर परिजनों के साथ शुजालपुर के ग्राम उचावद में अपनी मामी के निधन के कार्यक्रम में गए थे। अगले दिन 29 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे जब वे वापस लौटे तो उनके घर के मुख्य गेट और अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे। कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और 8 हजार रुपये नकद चुराकर ले गए थे। फरियादी की शिकायत पर थाना पार्वती में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
सौ-सवा सौ कैमरे देखे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेनाए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी पार्वती हरि सिंह परमार ने किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए घटना स्थल के आसपास की कॉलोनियों और जावर जोड़ तक हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा इंदौर-भोपाल हाईवे पर आष्टा से लेकर भोपाल तक लगभग 100 से 125 सीसीटीवी कैमरों की लगातार जांच की गई, जिससे आरोपियों की पहचान हो सकी। पुलिस ने कड़ी पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर भारत अहिरवार पिता प्रेमनारायण अहिरवार, अभिषेक कुशवाह पिता टीकाराम कुशवाह और चिराग पाठक पिता सुधीर पाठक सभी आरोपी करोद क्षेत्र थाना निशातपुरा भोपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया है।



