Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

खेत से केबल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की 50 हजार की केबल

आश्रम के खेत से 600 फीट लंबी केबल काटकर भागे चोर को पुलिस ने दबोचा

सीहोर। किसानों की मेहनत और खेतों में लगी सिंचाई सामग्री पर डोरा डालने वाले बदमाशों के खिलाफ शाहगंज पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने खेत से केबल तार चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 50 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई केबल बरामद कर ली है। आरोपी ने इसके पूर्व भी एक अन्य किसान के खेत से केबल चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला ग्राम खटपुरा स्थित श्रीरामानंद आश्रम का है। फरियादी नकुल दास जो मूलत: वृंदावन उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में खटपुरा आश्रम में रहकर खेती-किसानी की देखरेख करते हैं, ने अपने खेत में पानी चलाने के लिए ट्यूबवेल मोटर लगा रखी थी। इसके लिए खेत में करीब 600 फीट लंबी केबल बिछाई गई थी। गत 15 अक्टूबर की रात वे आश्रम में थे। अगली सुबह जब वे खेत पर पहुंचे तो मोटर की केबल कटी और गायब मिली। किसी अज्ञात चोर द्वारा केबल चोरी कर लिए जाने पर फरियादी ने थाना शाहगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया शातिर चोर
पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर संदिग्ध विशाल ठाकुर उर्फ भग्गू निवासी ग्राम खटपुरा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने खेत से केबल चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि चोरी की गई केबल उसने अपने घर में छिपाकर रखी है।
पहले भी एक किसान के खेत में की थी चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने 9 अप्रैल को सोमनाथ चौहान नामक एक अन्य किसान के खेत से भी केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मामलों से जुड़ी करीब 50 हजार रुपये मूल्य की केबल तार बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर बुधनी न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, उनि मनोज कुमार मालवीय, प्र.आर. रामूलाल, प्र.आर. कपूर, आर. हर्षित, आर. शुभम, आर. हिमांशू एवं आर. दिनेश गठोले की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button