Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मातारानी की विदाई और रावण दहन पर पुलिस मुस्तैद, एसपी सक्सेना ने संभाली कमान, सुरक्षा-व्यवस्था का लिया जायजा

सीहोर। बुराइयों के अंत और सत्य की जीत के पर्व विजयादशमी तथा माता दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने खुद कमान संभाल ली है। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अमले के साथ शहर के सभी प्रमुख विसर्जन घाटों और रावण दहन स्थलों का मैदान में उतरकर निरीक्षण किया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए।
एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने सबसे पहले टाउन हॉल और सीवन नदी घाट का भ्रमण किया। उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए की गई बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के समय श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और सुरक्षा में कोई चूक न रहे।
रावण दहन स्थलों पर व्यवस्थाओं के निर्देश
इसके बाद एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंदौर नाका, गंज राठौर पार्क, राधेश्याम मंदिर, बाल विहार और तिलक पार्क स्थित रावण दहन स्थलों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने थाना मंडी क्षेत्र के एमपीईबी रावण दहन स्थल का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने निर्देश दिए कि रावण के पुतले और आम जनता के बीच पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाई रखी जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पानी के टैंकर मौके पर तैनात रहें। यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए।

आज धूमधाम से मनाया जाएगा विजयादशमी पर्व
नवरात्रि के समापन के बाद आज मंगलवार को जिले भर में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सीहोर, आष्टा, बुधनी, इछावर और रेहटी विधानसभा क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर रावण दहन के भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिन्हें देखने के लिए भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। एसपी सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button