शारदीय नवरात्रि : सलकनपुर में उमड़ा सैलाब, लाखों पहुंचे, नवमी पर मौसम का अनोखा मिजाज

सीहोर। शारदीय नवरात्रि के दौरान प्रसिद्ध विजयासन देवी धाम सलकनपुर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ रही। लाखों श्रद्धालुओं ने सलकनपुर पहुंचकर मां विजयासन देवी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। दूर-दराज के क्षेत्रों से महिला, पुरुष, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे धाम में नौ दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस वर्ष दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
बता दें नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मां विजयासन देवी के सुगम एवं सुरक्षित दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया। मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे दर्शनार्थियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुविधाओं का रखा खास ध्यान –
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ के दौरान व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा दर्शन मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने पर भी ध्यान दिया गया। प्रशासनिक अमले की सतत सक्रियता से नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को सुविधाजनक ढंग से दर्शन कराने के लिए व्यवस्थाएं संचालित की गईं।
आस्था के साथ व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय –
मां विजयासन देवी धाम सलकनपुर में नवरात्रि के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ क्षेत्र में माता के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है। देवी आराधना के इस विशेष पर्व पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए किए गए इंतजामों तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों ने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नवमी पर मौसम का अनोखा मिजाज, देवी मंदिरों में गूंजे मंत्र तो आसमान से बरस पड़ी राहत की फुहारें –
एक तरफ सीहोर नगर के सभी देवी मंदिरों में महाष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर हवन-पूजन और मंत्रोच्चार की गूंज चल रही थी तो दूसरी तरफ आसमान ने भी माता के स्वागत में कुछ ऐसा ही अनोखा रंग दिखाया। सीहोर नगर और आसपास के इलाकों में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसी करवट ली कि उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के चेहरे खिल उठे। सोमवार को दोपहर करीब 3 बजे तक लोग तेज गर्मी और भारी उमस से खासे परेशान थे। आसमान साफ था और सूरज अपनी गर्मी दिखा रहा था, लेकिन दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम ने यू-टर्न लिया। तेज ठंडी हवाओं के झोंके के साथ काले-घने बादल आसमान पर छा गए और देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में हुई तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी बह निकला और पूरे शहर में सुहावना मौसम हो गया। मौसम विभाग और स्थानीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। रविवार को भी सीहोर नगर में रुक-रुक कर हल्की फुहारें गिरती रही थीं। इससे पहले जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज बारिश का दौर देखा गया था। अचानक हुई इस बारिश ने लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी है। अचानक हुई इस बारिश से तापमान में भारी कमी आई है, जिससे मौसम काफी ठंडा और खुशनुमा हो गया है। इस अप्रत्याशित बारिश से आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों के चेहरे पर भी खुशी साफ झलक रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मौसम के इस बदलाव के चलते सीहोर के तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे आने वाले दिनों में ठंडक का अहसास और बढ़ेगा।



