सीएम डॉ. यादव के हाथों पुरस्कृत होगी रेहटी की जीया

सीहोर। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को राजधानी भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड मैदान पर राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के विजेताओं को एक-एक लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे। श्री कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा हाल ही में लॉटरी के माध्यम से इन विजेताओं की सूची जारी की गई है।
इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति योजना के तहत सीहोर जिले से महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इसमें शासकीय कॉलेज रेहटी की छात्रा जीया सेनी और शासकीय कॉलेज सीहोर के मोहित हरियाले को विजेता घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री के हाथों रेहटी की बेटी जीया एक लाख रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत होंगी।
1.1 लाख रुपये की मिलेगी छात्रवृत्ति राशि
प्रदेश के 45 जिलों से विद्यालय स्तर के 51 और महाविद्यालय स्तर के 51 मेधावी विद्यार्थियों को इस योजना के तहत चुना गया है। इन सभी विजेताओं को श्री कृष्ण पाथेय न्यास की ओर से 1.1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को जिला स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश पहले ही दे दिए हैं। स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन मेधावी युवाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे।



