Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

बैंक ऑफ इंडिया की सतराना शाखा में 30 लाख रुपए का गबन, पुलिस ने कैशियर पर दर्ज किया केस

सीहोर। रेहटी थाना क्षेत्र के सतराना स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में 30 लाख 79 हजार 800 रुपए के गबन का मामला सामने आया है। बैंक की तिजोरी में नकदी की भारी कमी मिलने के बाद वरिष्ठ शाखा प्रबंधक की शिकायत पर रेहटी पुलिस ने शाखा के प्रधान कैशियर के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ इंडिया सतराना शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अनिल कुमार नागलिया निवासी सुभाष नगर आष्टा हाल प्रबंधक बैंक ऑफ इंडिया सतराना ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 10 नवंबर को सतर्कता अधिकारी नियोदित कुमार खोब्रागडे ने सतराना शाखा का निवारक सतर्कता निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान बैंक के रिकॉर्ड और तिजोरी में रखी नकदी का मिलान करने पर गंभीर गड़बड़ी मिली। रिकॉर्ड के मुताबिक 7 नवंबर को बैंक में नकदी शेष 34 लाख 46 हजार 475 रुपए दर्ज था, जबकि मौके पर भौतिक रूप से तिजोरी में केवल 3 लाख 66 हजार 675 रुपए ही मिले। इस तरह कुल 30 लाख 79 हजार 800 रुपए कम पाए गए।
पूछताछ में कबूला गबन
नकदी कम मिलने के बाद जब शाखा के प्रधान कैशियर अनिल कुमार देवदास से पूछताछ की गई तो उन्होंने राशि के गबन की बात स्वीकार कर ली। लिखित बयान में आरोपी ने बताया कि उसने बैंक की नकदी का इस्तेमाल अपने निजी कर्ज और ब्याज चुकाने के लिए किया है।
प्रबंधक के आवेदन के मुताबिक आरोपी ने बैंक कर्मचारी और प्रधान कैशियर के पद पर रहते हुए मिले भरोसे और नकदी तक पहुंच का गलत फायदा उठाकर बैंक की रकम का निजी उपयोग किया, जो गबन और आपराधिक विश्वासघात की श्रेणी में आता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बैंक प्रबंधक की शिकायत और आवेदन के आधार पर रेहटी पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी प्रधान कैशियर अनिल कुमार देवदास निवासी वार्ड 19 भाटापारा कांदुल पोस्ट कांदुल, गुडरदेही जिला बालोद छत्तीसगढ़ हाल निवासी विंध्याचल शास्त्री कॉलोनी नसरुल्लागंज तथा साईं बाबा नगर दुर्गा मंदिर के पास अरेरा कॉलोनी भोपाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है और गबन की गई राशि की बरामदगी तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button