बुधनी-रेहटी-भैरूंदा एनएच.146बी: 95.84 करोड़ बजट और चार बार मोहलत बढऩे के बाद भी काम अधूरा

सीहोर। बुधनी से रेहटी होते हुए भैरूंदा तक बन रहे 47.3 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच.146बी का काम अक्टूबर 2026 की अंतिम समय-सीमा निकलने के बावजूद नवंबर में भी पूरा नहीं हो सका है। संशोधित लागत 293.74 करोड़ रुपए पहुंचने के बाद भी अधूरे निर्माण और गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस परियोजना को पूरा करने की मूल समय-सीमा 25 अक्टूबर 2024 तय की गई थी। अलग-अलग कारणों से इसे चार बार बढ़ाकर अक्टूबर 2026 किया गया, लेकिन इसके बावजूद नवंबर में भी सडक़ का निर्माण अधूरा पड़ा है। बजट के मोर्चे पर भी इस परियोजना की लागत में भारी इजाफा हुआ है। मूल रूप से 197.90 करोड़ रुपए की लागत वाली यह सडक़ अब संशोधित होकर 293.74 करोड़ रुपए की हो गई है, यानी इसमें 95.84 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। लागत और मोहलत दोनों बढऩे के बाद भी काम पूरा न होने से निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जनसुनवाई में उठ चुकी है गुणवत्ता पर आपत्ति
निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीण पहले ही प्रशासन के सामने आपत्ति जता चुके हैं। सलकनपुर जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर घटिया सामग्री के उपयोग तथा सडक़ के किनारों और शोल्डर निर्माण में खामियों की शिकायत की गई थी।
परियोजना का रिपोर्ट कार्ड
परियोजना बुधनी-रेहटी-भैरूंदा मार्ग, जिसकी लंबाई बाई 47.3 किमी। पहले मूल लागत रखी गई थी 197.90 करोड़ रुपए। बाद में संशोधित लागत हुई 293.74 करोड़ रुपए यानि सीधे सीधे 95.84 करोड़ रुपए की वृद्धि। मूल डेडलाइन 25 अक्टूबर 2024, अंतिम डेडलाइन अक्टूबर 2026, इस अवधि में 4 बार समय-सीमा बढ़ाई गई। वर्तमान स्थिति की बात करें तो नवंबर में भी काम अधूरा है।



