Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

वर्षों पुराने मुआवजा आदेश का भुगतान नहीं, बुधनी कोर्ट ने बुधनी-इंदौर रेलवे लाइन की जमीन कुर्क की

सीहोर। बुधनी-बरखेड़ा रेलवे लाइन के लिए वर्ष 2017-18 में अधिग्रहित की गई किसानों की जमीन के बढ़े हुए मुआवजे का भुगतान वर्षों बाद भी नहीं होने पर बुधनी न्यायालय ने सख्त कदम उठाया है। बुधवार को न्यायालय ने डिक्री निष्पादन के मामले में कार्रवाई करते हुए बुधनी-इंदौर रेलवे लाइन से जुड़ी जमीन को कुर्क कर लिया। यह मामला बांसापुरए माना और तालपुरा सहित आसपास के गांवों के किसानों से जुड़ा है, जिन्हें लंबे समय से मुआवजा राशि मिलने का इंतजार था।

जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन परियोजना के तहत अधिग्रहण के शुरुआती दौर में किसानों को कम मुआवजा मिला था। इसके विरोध में किसानों ने मुआवजा बढ़ाने के लिए बुधनी न्यायालय में मामला दायर किया। फरवरी 2022 में न्यायालय ने जमीन का उचित बाजार मूल्य तय करते हुए किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा देने के लिए भू-अर्जन अधिकारी बुधनी को निर्देश दिए थे। साथ ही बढ़े हुए मुआवजे पर वर्ष 2017 से ब्याज देने का आदेश भी पारित किया गया था।

रेलवे विभाग ने इस आदेश के खिलाफ जबलपुर हाईकोर्ट में अपील दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने अपील खारिज करते हुए बुधनी न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा। इसके बावजूद किसानों को आज तक बढ़ी हुई मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया। लगातार मांग और कानूनी प्रक्रिया के बाद अब अदालत ने कुर्की वारंट जारी किया।

राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंची न्यायालय की टीम
बुधवार को बुधनी न्यायालय की टीम राजस्व अधिकारियों के साथ होलीपुरा क्षेत्र पहुंची। यहां बुधनी.इंदौर रेलवे लाइन से संबंधित खसरा नंबर 14/5/2, 14/2/2 और 9/2/2 की कुछ हेक्टेयर भूमि पर कुर्की की कार्रवाई की गई। इस दौरान बुधनी के राजस्व निरीक्षक दीप कुमार धुर्वे, हल्का पटवारी हरिद्वार कीर, ग्राम चौकीदार, न्यायालय के कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
इस प्रकरण में किसान और अधिवक्ता सत्येंद्र सिंह शिवाच, जिन्होंने स्वयं अपने भू-अर्जन मामले की पैरवी की तथा किसान धर्मपाल सिंह शिवाच सहित अन्य किसानों के बढ़े हुए मुआवजे के मामले शामिल हैं। कार्रवाई के समय संबंधित किसान भी मौके पर उपस्थित रहे। वर्षों से अदालत के चक्कर लगा रहे किसानों के हक में हुई इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग पर लंबित मुआवजा भुगतान का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button