Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

सोती हुई पत्नी और 3 साल के बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले पिता को दोहरा आजीवन कारावास

सीहोर। सोती हुई पत्नी और तीन साल के मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा को अपर सत्र न्यायालय बुधनी ने दोहरे आजीवन सश्रम कारावास और कुल 10 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा कि जिस व्यक्ति पर अपनी पत्नी और मासूम पुत्र की रक्षा व भरण-पोषण की जिम्मेदारी थीए उसी के द्वारा सोती हुई अवस्था में की गई यह निर्मम हत्या अत्यंत गंभीर श्रेणी का अपराध है। शासन की ओर से मामले में सशक्त पैरवी अपर लोक अभियोजक पंकज रघुवंशी ने की।
अपर लोक अभियोजक पंकज रघुवंशी के अनुसार यह घटना 27 जुलाई 2023 की सुबह करीब साढ़े छह बजे शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सरदारनगर की है। फरियादी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने अपने घर के अंदर वाले कमरे से भतीजे राघवेंद्र की चीख-पुकार सुनी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर दिनेश ने लात मारकर दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए। उनका छोटा भाई आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा पिता गिरीश विश्वकर्मा हाथ में धारदार कुल्हाड़ी लिए अपने बेटे राघवेंद्र की कलाई काटने का प्रयास कर रहा था। दिनेश ने बीच-बचाव कर राघवेंद्र को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कमरे के भीतर आरोपी की पत्नी मोना विश्वकर्मा और तीन वर्षीय मासूम बेटा वेदांत खून से लथपथ मृत पड़े थे, जिनकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक वार किए गए थे।
एफएसएल रिपोर्ट और गवाहों के बयान से साबित हुआ अपराध
सूचना मिलते ही तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज वाडेकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शाहगंज थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक राजेंद्र उइके ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कथन के आधार पर घर के पीछे बाथरूम के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी व आरोपी की खून से सनी शर्ट जब्त की। क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला भोपाल की जांच रिपोर्ट में भी आरोपी की शर्ट और बिस्तर की गोदड़ी पर मानव रक्त पाए जाने की पुष्टि हुई। विचारण के दौरान शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज रघुवंशी ने घायल बालक राघवेंद्र, फरियादी दिनेश विश्वकर्मा, चिकित्सक और विवेचना अधिकारियों के महत्वपूर्ण कथन तथा ठोस वैज्ञानिक व दस्तावेजी साक्ष्य अदालत के समक्ष मजबूती से रखे, जिससे अभियोजन पक्ष संदेह से परे प्रमाणित हुआ।
अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी गणेशराम विश्वकर्मा निवासी ग्राम सरदारनगर तहसील बुधनी को दोहरा आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड न चुकाने की स्थिति में आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button