राजनीतिक

यूथ कनेक्टिविटी से BJP का नए वोटर्स पर फोकस

भोपाल
भाजपा 30 जनवरी तक बूथ विस्तारक अभियान चलाने के बाद नव मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने की नई तैयारियों में जुट गई है। पार्टी इस अभियान के पूरा होने के बाद यूथ कनेक्टिविटी अभियान चलाएगी। इस अभियान में भारतीय जनता युवा मोर्चा की टीम को लगाया जाएगा। युवा मोर्चा नव मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़ेगा। इसके साथ ही पार्टी के अन्य नौजवान कार्यकर्ताओं को भी यूथ कनेक्टिविटी की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि 18 साल की उम्र पूरी कर चुके नव मतदाता पार्टी की रीति नीति से प्रभावित हैं। वे पार्टी से जुड़ना चाहते हैं। यह बात विस्तारक अभियान के दौरान संवाद में सामने आई है। इसलिए विस्तारक अभियान खत्म होने के बाद यूथ कनेक्टिविटी का काम पार्टी करेगी। इस अभियान को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि सभी 65 हजार बूथों पर इस अवधि में विस्तारकों के पहुंचने का लक्ष्य है किन्तु अगर तकनीकी कारणों से कुछ बूथ शेष रह गए तो उन बूथों पर विस्तारक अभियान का काम पूरा करने के लिए समय में वृद्धि की जा सकती है। ऐसे बूथों पर दो चार दिन का अतिरिक्त समय देकर विस्तारकों को वहां पार्टी के 22 सूत्रीय एजेंडे के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। शर्मा ने यह जानकारी उज्जैन में दी। इसके बाद वे आज खरगोन जिले के प्रवास पर हैं।

कैबिनेट मंत्री भी शामिल
शिवराज कैबिनेट के मंत्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह पन्ना के धर्मपुर 28 नंदनपुर, डॉ. प्रभुराम चौधरी सांची के खरवई बनगवां, प्रेमसिंह पटेल बडवानी के कालाखेत, हरदीप सिंह डंग सुवासरा के शामगढ, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव बदनावर के बिडवाल 159 मानपुरा, भारत सिंह कुशवाह ग्वालियर ग्रामीण के तानसेन मुक्यारपुरा, इंदरसिंह परमार शुजालपुर के अकोदिया 143, रामखेलावन पटेल अमरपाटन के रामनगर, राम किशोर कांवरे परसवाडा के बालाघाट ग्रामीण जरेरा पर बूथ विस्तारक अभियान में शामिल हो रहे हैं। मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा कोरोना पॉजिटिव होने से बूथ पर नहीं जाएंगे।

शिवराज छापीहेड़ा, वीडी गोगांवा और तोमर मालीपुरा में विस्तारक बने
सीएम शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने के साथ विस्तारक की भूमिका का भी निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने विस्तारक योजना की प्लानिंग के समय ही फैसला किया था कि वे आधे दिन तक बूथ विस्तारक और आधे दिन सीएम की जिम्मेदारी निभाने का काम करेंगे। इसी कड़ी में वे अत्यंत व्यवस्तता वाले मौकों को छोड़कर बूथ विस्तारक के रूप में गांवों में पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सीएम शिवराज राजगढ़ जिले के खिलचीपुर विधानसभा के छापीहेड़ा पहुंचे और वहां ग्रामीणों के साथ बूथ विस्तार प संवाद करने के साथ विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा खरगोन जिले के गोगांवा में दिन भर बूथ विस्तारक के रूप में मौजूद रहकर बूथ समिति, पन्ना समिति और की वोटर्स की मीटिंग ले रहे हैं। दूसरी ओर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर आज विजयपुर विधानसभा के कराहल मंडल के ग्राम मालीपुरा के बूथ पर हैं और प्रहलाद पटेल सिवनी के इमलिया पहुंचे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button