
सीहोर। नगर के केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदनों का अंबार लग गया है। कक्षा पहली में एडमिशन के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। कक्षा पहली की 80 सीटों के लिए अब तक 700 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि आवेदनों की अंतिम तिथि अभी शेष है। इसी तरह अन्य कक्षाओं में एडमिशन के लिए 8 अप्रैल से कवायद शुरू होगी। इधर केंद्रीय विद्यालय में बच्चों की बढ़ती संख्या को लेकर एक और केंद्रीय विद्यालय खुलने की भी मांग जोर पकड़ने लगी है। शहरवासियों की मंशा है कि एक और केंद्रीय विद्यालय खोला जाए या वर्तमान विद्यालय में ही बच्चों की संख्या बढ़ाई जाए।
जिला मुख्यालय पर स्थित केंद्रीय विद्यालय में वर्तमान में कक्षा पहली से 12वीं तक के लिए प्रत्येक कक्षा में 80-80 बच्चे हैं। प्रत्येक कक्षा के दो सेक्शन लग रहे हैं, लेकिन अब यहां पर एडमिशन के लिए ज्यादा आवेदन आ रहे हैं। इसके कारण सभी बच्चों के एडमिशन नहीं हो पाते। दरअसल अब केंद्रीय विद्यालय को लेकर लोगों की मानसिकता बदली है और अब वे अपने बच्चों को मिशनरी स्कूलों से निकालकर केंद्रीय विद्यालय में एडमिशन दिलाना चाहते हैं, लेकिन नियमों में बंधे केंद्रीय विद्यालय में सभी बच्चों के एडमिशन नहीं हो पाते हैं। इसके कारण अब सीहोर में दूसरा केंद्रीय विद्यालय भी खुले, इसकी मांग तेजी से जोर पकड़ने लगी है।
हर साल आते हैं बड़ी संख्या में आवेदन-
केंद्रीय विद्यालय में पहली कक्षा में एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है। हर साल बड़ी संख्या में बच्चों के आवेदन आते हैं, लेकिन सभी बच्चों का एडमिशन नहीं हो पाता। केंद्रीय विद्यालय में सबसे पहले प्राथमिकता केंद्रीय कर्मचारियों के बच्चों को दी जाती है। इसके बाद प्रदेश सरकार के कर्मचारियों का एडमिशन होता है। सीटें बचने पर ही आम लोगों के बच्चों का एडमिशन इन विद्यालयों में हो पाता है। ऐसे में आम लोग भी अब मांग कर रहे हैं कि सीहोर में एक और केंद्रीय विद्यालय खोला जाए। लोगों की मांग है कि यदि विद्यालय नहीं खुले तो कम से कम वर्तमान केंद्रीय विद्यालय में ही बच्चों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि उनके बच्चे भी केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई कर सकें।
इनका कहना है-
सीहोर में एक ही केंद्रीय विद्यालय है और इसमें एडमिशन के लिए हमारे पास बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं, लेकिन सभी बच्चों का एडमिशन नहीं हो सकता। यदि सीहोर में एक अन्य केंद्रीय विद्यालय को लेकर प्रयास किए जाएं तो यह बेहतर होगा, क्योंकि लगातार बच्चों की संख्या बढ़ती जा रही है।
– डॉ. जीवन वर्मा, प्राचार्य, केंद्रीय विद्यालय, सीहोर
सीहोर में केंद्रीय विद्यालय को लेकर पहले भी प्रयाए किए गए हैं, लेकिन ये प्रयास सार्थक नहीं हुए। नगर में एक और केंद्रीय विद्यालय खुलना चाहिए, जिससे ज्यादा से ज्यादा बच्चों का इसमें एडमिशन हो सके। आज नगर में केंद्रीय विद्यालय की महत्ती आवश्यकता है। इसके लिए जिला प्रशासन से बात करके इसकी प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
– सुदेश राय, विधायक, सीहोर