श्रीहरि सामाजिक समिति के तत्वावधान में निकलेगी भव्य कावड़ यात्रा, शामिल होंगे कार्तिकेय चौहान, भाजपा ने भी संभाला मोर्चा
- नर्मदा तट आंवलीघाट से टपकेश्वर महादेव मंदिर तक जाएगी कावड़ यात्रा, भाजयुमो ने भी शुरू की तैयारियां, घर-घर जाकर दिया जा रहा है आमंत्रण

रेहटी। सावन मास के अंतिम सोमवार 8 अगस्त को रेहटी तहसील के पावन पवित्र मां नर्मदा तट आंवलीघाट से टपकेश्वर महादेव तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। इस कावड़ यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सुपुत्र कार्तिकेय चौहान भी शामिल होंगे। कावड़ यात्रा श्रीहरि सामाजिक समिति रेहटी के तत्वावधान में निकाली जाएगी। श्रीहरि सामाजिक समिति रेहटी द्वारा यूं तो हर वर्ष सामाजिक कार्यों सहित धार्मिक आयोजन किए जाते हैं, लेकिन इस बार समिति ने भव्य कावड़ यात्रा को लेकर भी तैयारियां की है। इसके लिए लगातार गांव-गांव जाकर, लोगों के घर-घर जाकर उन्हें कावड़ यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। श्रीहरि सामाजिक समिति रेहटी के संयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला सीहोर के उपाध्यक्ष चेतन पटेल ने बताया कि यात्रा की शुरूआत 8 अगस्त को सुबह 10 बजे से होगी। इसमें शामिल होने के लिए हमारे युवा नेता कार्तिकेय चौहान जी भी आ रहे हैं। इससे पहले मां नर्मदा का अभिषेक, पूजन किया जाएगा। इसके बाद कावड़िए अपनी-अपनी कावड़ में मां नर्मदा का जल भरकर जयघोष के नारों के साथ यात्रा की शुरुआत करेंगे। चेतन पटेल ने बताया कि कावड़ यात्रा आंवलीघाट से शुरू होगी, जो गांजिद, मुर्राह, धनकोट, पानगुराड़िया, नकटीतलाई होते टपकेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। यहां पर भगवान टपकेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा। उसके बाद महाआरती होगी। उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा का जगह-जगह स्वागत-सत्कार भी किया जाएगा। यात्रा मार्ग को पूरी तरह से शिवमय बनाया जाएगा। शिवभक्त बम भोले के जयघोष के साथ यात्रा के साथ चलेंगे। श्रीहरि सामाजिक समिति के संयोजक चेतन पटेल ने कावड़ यात्रा में शामिल होने के लिए क्षेत्र के सभी सम्मानीय लोगों, युवाओं, माता-बहनों सहित सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओ से भी अपील की है।
भाजपा ने संभाला मोर्चा, बैठक कर बनाई रणनीति-
8 अगस्त को आंवलीघाट से टपकेश्वर सहित नसरूल्लागंज एवं बाबरी में भी कावड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं में भी कार्तिकेय चौहान शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर भाजपा के भारतीय जनता युवा मोर्चा ने भी मैदान संभाला है। इसके साथ ही जिलेभर में 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान भी चलाया जाएगा। कावड़ यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में भाजपा के सलकनपुर मंडल द्वारा रेहटी स्थित मंडी प्रांगड़ में बैठक का आयोजन भी किया गया। भाजपा के सलकनपुर मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा ने बैठक की शुरुआत में कार्यक्रमों के एंजेडे पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को कार्तिकेय चौहान कावड़ यात्रा में शामिल होंगे तो वहीं 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान भी चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा एवं तैयारी के
साथ पूरा करना है, इसके लिए सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तैयारी करें। बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरूप्रसाद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष चेतन पटेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्हें जिम्मेदारियां भी सौंपी। इससे पहले जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल टेलर, अनार सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रेमनारायण मीणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भारत मां के चित्र पर माल्यार्पण कर बैठक की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर सुनीता हरिनारायण चौहान, राजेंद्र पटेल, भगवत सिंह ठाकुर, सावित्री चौहान, पुरुषोत्तम यादव, चेतन पटेल, दीपक ठाकुर ग्रामीण मोर्चा के मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सोलंकी, नगर अध्यक्ष कृतिन जिराती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।