Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीरेहटीसीहोर

‘विकास’ को लेकर ‘प्रिंस’ का मंथन… नगर में लगेंगे एलइडी लाईट, हटेगा नालों का अतिक्रमण

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पार्षदों एवं नगर पालिका के अधिकारियों के साथ की बैठक

सीहोर। नगर के ‘विकास’ को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर का मंथन शुरू हो गया है। इसको लेकर उन्होंने सभी पार्षदों एवं नगरपालिका के अधिकारियों के साथ बैठकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान पिछले दिनों बारिश के कारण शहर में बनी जलभराव की स्थिति पर भी चर्चाएं हुर्इं। इस दौरान पार्षदों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए तो वहीं नगर के विकास को लेकर कई निर्णय भी हुए। इस दौरान सबसे पहले नगर को रोशन करने के लिए जगह-जगह एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा नगर की नालियों एवं नालों पर हुए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। सीहोर शहर को विकास का मॉडल बनाने की कवायद के साथ ही इस पर निर्णय भी शुरू हो गए हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया। इस दौरान पार्षदों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
मोर्चे पर डटे रहे पार्षद, दिए सुझाव-
पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण सीहोर नगर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। जलभराव से लोगों को राहत देने के साथ उनकी समस्याओं से रूबरू होने के लिए पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्डों में मोर्चा संभाला और लोगों के बीच रहे। नगर पालिका की बैठक में भी नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी पार्षदों के इन प्रयासों की सराहना भी की। इस दौरान कई पार्षदों ने सुझाव दिया कि जलभराव की स्थिति नालियों एवं नालों पर अतिक्रमण के कारण बनी थी। इसके कारण अब नालियों एवं नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियां निर्मित न हों। इसी प्रकार पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में हुई परेशानियों को लेकर भी अपनी बातें रखीं। इस दौरान सभी पार्षदों को विश्वास दिलाया गया कि सभी की परेशानियों को मिल-जुलकर हल किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने सभी पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों को नोट करके आगे इन पर कार्रवाई की बात कही है।
आवास योजना का दिलाया जाएगा लाभ-
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा कि नगर के जिन नागरिकों के घर भारी बारिश के कारण धराशाही हुए हैं, उन्हें शीघ्र ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आवास योजनांतर्गत आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि शीघ्र ही नगर के हर क्षेत्र में एलइडी लाईट लगाई जाएंगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर, उपाध्यक्ष विपिन सास्ता (नाना), नगर पालिका सीहोर के समस्त पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संदीप श्रीवास्तव सहित नगर पालिका के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button