हमें पुन: जैविक खेती की ओर लौटना पड़ेगा : केन्द्रीय राज्य मंत्री

सेवाधाम आश्रम सलकनपुर में गौवंश आधारित जैविक कृषि पुरस्कार समारोह हुआ आयोजित

सीहोर। समर्पण सेवा समिति एवं अखिल भारतीय गुरू भक्त मंडल द्वारा उत्तम सेवा धाम आश्रम सलकनपुर में तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं स्वर्गीय प्रभाकर राव केलकर स्मृति गौवंश आधारित जैविक कृषि पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इसमें किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के केन्द्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में जैविक खेती करने वाले किसानों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में खाद्यान्न उत्पादन के लिए केमिकल युक्त यूरिया तथा रसायनिक फर्टिलाइजर्स का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोगों को अनेक तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अब हमें पुन: हमारी परम्परागत खेती की ओर अग्रसर होना होगा। प्राकृतिक खेती से एक ओर जहां नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक खाद्यान्न मिलेगा, वहीं जमीन की उर्वरक क्षमता भी बनी रहेगी। कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर ईश्वरानंद महाराज ने जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए अनेक उपाय एवं जैविक खेती से होने वाले अनेक फायदों के बारे में बताया। कार्यक्रम में सांसद रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक रघुनाथ मालवीय, सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय, नरेन्द्र चौहान, पूर्व पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तपन भौमिक एवं महामण्डलेश्वर गिरिशानन्द महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या किसान भी उपस्थित थे।

Exit mobile version