
सीहोर। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी और महंगाई को लेकर कांग्रेस ने कड़ा प्रहार किया है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों और बाजार में गैस की किल्लत को लेकर सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की मजबूरियों और आपदा में अपने लिए अवसर ढूंढने का काम कर रही है।
कांगे्रस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने बड़े बड़े वादे किए थे कि उज्ज्वला और लाड़ली बहनों को साढ़े चार सौ रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। लेकिन सत्ता में आते ही सरकार अपने वादे भूल गई है। अब न केवल रसोई गैस के दामों में भारी वृद्धि कर दी गई है, बल्कि कमर्शियल और घरेलू गैस की सुचारू सप्लाई को भी ठप्प कर दिया गया है। गुजराती ने कहा कि महंगाई की मार से जनता पहले ही परेशान ह,ए ऊपर से अब गैस के लिए उन्हें हफ्तों इंतजार करना पड़ेगा।
जनता में मचेगा त्राहि-त्राहि का आलम
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस तरह से कमर्शियल सप्लाई रोकी गई है और घरेलू गैस की बुकिंग में देरी हो रही है, उससे आने वाले दिनों में आम जनता के बीच त्राहि-त्राहि मच जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर कृत्रिम संकट पैदा कर रही है ताकि जनता परेशान हो और भाजपा फिर से आपदा में अवसर तलाश सके। उन्होंने मांग की कि सरकार जनता को मूर्ख बनाना बंद करे और गैस की आपूर्ति वैसी ही सुनिश्चित करे जैसी पहले होती थी।
कांग्रेस करेगी विरोध
श्री गुजराती ने कहा कि रसोई का बजट बिगडऩे से मध्यम और गरीब वर्ग पूरी तरह टूट चुका है। भाजपा सरकार की ये नीतियां पूरी तरह निंदनीय हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि गैस की कीमतों में कटौती नहीं की गई और आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और जनता के हक की लड़ाई सडक़ पर उतरकर लड़ेगी।