
सीहोर। जिला मुख्यालय से लगे बडिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग और रोजगार को पंख लगने जा रहे हैं। औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बडिय़ाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में कुल 102 औद्योगिक इकाइयों को 103.744 हेक्टेयर भूमि आवंटित कर दी गई है। इन सभी इकाइयों के पूर्ण रूप से स्थापित और संचालित होने के बाद जिले में लगभग 3,750.81 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश आएगा, जिससे सीधे तौर पर करीब 7,156 व्यक्तियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
बडिय़ाखेड़ी और उसके आसपास का क्षेत्र अब बड़े औद्योगिक हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। वर्तमान में यहां मेसर्स आईटीसी फाइबर लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनी सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। इसके साथ ही आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी देश की कई नामचीन कंपनियां अपनी उत्पादन गतिविधियां चला रही हैं।
इनमें मुख्य रूप से
मेसर्स पर्पलस्टार मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड
मेसर्स बारमाल्ट माल्टिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड
मेसर्स सिक्योर सर्किट्स प्राइवेट लिमिटेड
क्रायफ्स पावर कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
बडिय़ाखेड़ी में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से न केवल स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिलेगा, बल्कि सीहोर जिले के आर्थिक विकास को भी जबरदस्त गति मिलेगी। नए उद्योगों के आने से छोटे व्यापारियों, परिवहन क्षेत्र और स्थानीय बाजार को भी बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।