14 राज्यों के 146 जांबाज राइडर्स ने दिया नशामुक्ति का संदेश

सीहोर। गृह मंत्रालय भारत सरकार के दिशा-निर्देशों और केंद्रीय नोडल एजेंसी एनसीबी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के उपलक्ष्य में चलाई जा रही राष्ट्रव्यापी बाइक रैली का सीहोर जिले में स्वागत किया गया। नशे से दूरी है जरूरी के मुख्य थीम पर आधारित इस महाअभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और देश में एकता का संदेश फैलाना है।
देशभर में 4 जोन में विभाजित इस महाअभियान के तहत मध्य प्रदेश से गुजरने वाली जोन.02 सेंट्रल के 78 जांबाज सदस्य और जोन.04 नॉर्थ.ईस्ट के 68 सदस्य यानी कुल 146 राइडर्स गुरुवार को भोपाल से प्रस्थान कर सीहोर पहुंचे। सीहोर पुलिस ने अनुकरणीय पहल करते हुए सभी राइडर्स को टोल नाके से ही पूरे सम्मान के साथ एस्कॉर्ट करके राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास संस्थान सीहोर के परिसर तक पहुंचाया। संस्थान के छात्र-छात्राओं ने करतल ध्वनि और पुष्पवर्षा कर इन युवा प्रहरियों का दिल से स्वागत किया।
14 राज्यों के प्रतिनिधियों का हुआ सम्मान
विविधता में एकता का अद्भुत नजारा पेश करते हुए इस रैली में देश के 14 अलग-अलग राज्यों से आए टीम लीडर्स को कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। राइडर्स ने उपस्थित जनसमूह और युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूरी है जरूरी का सशक्त और प्रेरणादायक नारा दिया।
नशा मुक्ति भी एक सच्ची देशभक्ति है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने छात्र-छात्राओं और बाइक रैली के जवानों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति भी देश की एक बहुत बड़ी देशभक्ति है। जब पुलिस प्रशासन सडक़ों पर नशे के अवैध कारोबार को रोकने का काम करता है और एनआईएमएचआर जैसे संस्थान नशे के शिकार लोगों को ठीक करने का बीड़ा उठाते हैं, तभी एक नशामुक्त और एकजुट भारत का सपना साकार हो सकता है।
कुबेरेश्वर धाम के दर्शन के बाद इंदौर के लिए हुए रवाना
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान की गरिमामयी प्रस्तुति के साथ इस जागरूकता अभियान का समापन किया गया। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान के निदेशक डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, पुलिस विभाग और 14 राज्यों से आए 146 राइडर्स के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी राइडर्स ने प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम का भ्रमण किया और अपने अगले पड़ाव इंदौर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान डॉ. अंकित चौधरी, डॉ. नित्यानंदा एस, डॉ. प्रियंका लेनका, राम कुमार नागर, आशीष सिंघी, अनिल कुमार रावत और पुलिस विभाग से नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा, रक्षित निरीक्षक उपेन्द्र यादव, कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे, मंडी थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान, यातायात थाना प्रभारी बृजमोहन धाकड़ समेत कई अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version