
सीहोर। पार्वती नदी पर चल रहे पुल निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले कीमती लोहे के सरियों की हेरा फेरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने रास्ते में ट्रक से करीब 12 से 15 टन सरिया गायब कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी चोप्पा लोकनाथम नायडू निवासी कमला नगर भोपाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी निर्माण साइट के लिए वर्धा नागपुर महाराष्ट्र से लगभग 39.62 टन सरिया मंगवाया था। यह माल चौहान ट्रांसपोर्ट कंपनी कोकता बायपास भोपाल के माध्यम से ट्रेलर में भरकर भेजा गया था। ट्रक को ड्राइवर दाऊद खान उर्फ आबिद निवासी राजस्थान लेकर आया था।
तोल कराने के बाद बीच रास्ते से गायब हुआ ट्रक
रिपोर्ट के मुताबिक जब ट्रक सीहोर पहुंचा तो वजन कराने के बाद उसे साइट पर खाली करने के लिए खड़ा किया गया था। इसी बीच ड्राइवर बिना बताए ट्रक लेकर कहीं चला गया। काफी तलाश के बाद जब वह अगली सुबह ट्रक लेकर वापस आया तो उसने बहाना बनाया कि वह खाना खाने गया था, लेकिन जब साइट पर माल खाली किया गया तो उसमें से 12 से 15 टन सरिया कम निकला।
ट्रांसपोर्टर और ड्राइवर की मिलीभगत की आशंका
जब इस संबंध में माल सप्लायर और ट्रांसपोर्ट मालिक रोबिन सिंह चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। फरियादी का आरोप है कि ड्राइवर और ट्रांसपोर्ट मालिक ने मिलीभगत कर लाखों रुपये की कीमत का सरिया खुर्द बुर्द चोरी कर दिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर दाऊद खान और ट्रांसपोर्टर रोबिन सिंह चौहान के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।