
सीहोर। आवासीय खेलकूद संस्थान स्थित नोडल खेल प्रशिक्षण केंद्र के 17 प्रतिभाशाली पहलवानों ने अपनी बेहतरीन कुश्ती के दम पर राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में जगह बना ली है। इन सभी खिलाडिय़ों का चयन हाल ही में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
खास बात यह है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी भी सीहोर जिले को ही मिली है। यह प्रतियोगिता आगामी 7 सितंबर से 11 सितंबर तक सीहोर में आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित 17 पहलवान अपने गृह जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए दांव-पेच दिखाएंगे और पदक के लिए जोर आजमाइश करेंगे। अपने ही शहर के खिलाडिय़ों के इतने बड़े पैमाने पर चयन से खेल संस्थान और पूरे जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
पहलवानों की इस बड़ी उपलब्धि पर शिक्षा विभाग और खेल अधिकारियों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी खिलाडिय़ों को बधाई दी है। जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा, आवासीय खेलकूद संस्थान के प्राचार्य आलोक शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी अताउल्लाह खान, जिला योग प्रभारी मनोज कुमार व्यास, व्यायाम शिक्षक शैलेंद्र चौहान और लोकेश परमार सहित संस्थान के सभी कोच और अधिकारियों ने चयनित खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं।