
सीहोर। दोराहा थाना क्षेत्र में मदरसे के पास जमीन के सीमांकन के दौरान हुए खूनी संघर्ष और हवाई फायर के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस घटना को अंजाम देने वाले 12 अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा और हमले को लेकर दोराहा के तहसीलदार एसआर देशमुख खुद फरियादी बने हैं।
जानकारी के अनुसार दोराहा में मदरसे के पास स्थित जमीन का सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और आरोपियों ने मौके पर हंगामा करते हुए हवाई फायर कर दिए तथा जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में मुख्य फरियादी फराज पिता रईस, शेख दौलत निवासी दोराहा हाल मुकाम भोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल रिपोर्ट में घायलों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
तहसीलदार की शिकायत पर केस दर्ज
इस मामले में दोराहा तहसीलदार एसआर देशमुख की शिकायत पर पुलिस ने अहमद खान, असद खान, इरशाद खान, रेहान खान, सुफियान, रिजवान, इरफान, वसीद, शारिक, आसिफ, मुजीब, फरहान, अब्दुल वाजिद, फकीर अली सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोराहा थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि तहसीलदार द्वारा सीमांकन की कार्रवाई के दौरान शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और अज्ञात व्यक्ति द्वारा फफायर किए जाने को लेकर प्रकरण दर्ज किया है।
3 आरोपी गिरफ्तार, घरों पर ताला डालकर भागे बाकी आरोपी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपी मुजीब, रेहान और शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घटना में शामिल अन्य 12 आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी पुलिस की दबिश से बचने के लिए अपने घरों में ताला डालकर फरार हो गए हैं।