Bhairunda News : धू-धूकर जला 51 फीट का रावण, अधर्म पर हुई धर्म की विजय

श्रीराम के अग्नि बाण ने किया रावण के पुतले का अंत, भैरुंदा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दशहरा

भैरुंदा। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा भैरुंदा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहरभर में देवी विसर्जन के बाद नगर के दशहरा मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। श्रीराम के अग्निबाण से दशानन का अहंकार धू-धूकर जल उठा, जिससे पूरा मैदान जय श्री राम के नारों से गूंज उठा।
दशहरा पर्व के अवसर पर श्रीराम मंदिर छोटा बाजार गांधी चौक से शाम 4 बजे एक भव्य चल समारोह की शुरुआत हुई। बग्गी पर भगवान श्रीराम और लक्ष्मण विराजमान थे। यह चल समारोह मुख्य रॉयल मार्केट, जेपी मार्केट, दुर्गा चौक होते हुए बजरंग कुटी हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां भव्य आरती और प्रसादी वितरण किया गया।
कलाकारों ने दिखाए करतब
चल समारोह में आकर्षण झांकियों और अखाड़ों ने अपने करतबों का शानदार प्रदर्शन किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर अखाड़ों का प्रदर्शन देखने लायक था। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु जय श्री राम के जयघोष लगाते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा नगर राम के जयकारों से गूंज उठा। नगरवासियों और सामाजिक संगठनों ने फूलों की वर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया। नगर परिषद् के पार्षदगणों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
दशहरा मैदान में हुआ रावण-वध का युद्ध

चल समारोह के समापन के बाद नगर के दशहरा मैदान में भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रात 8.30 बजे के लगभग रावण दहन से पूर्व राम-लक्ष्मण की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का सजीव चित्रण किया गया। लगभग आधे घंटे चले इस युद्ध के अंत में श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया और पुतले का दहन किया। रावण दहन के बाद सभी ने एक-दूसरे को विजयादशमी की बधाई दी।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
विजय दशमी पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को लेकर पुलिस प्रशासन पूरे समय मुस्तैद रहा। सडक़ों पर वाहनों को नियंत्रित किया गया और नगर की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात था। पुलिस प्रशासन की तैनाती के चलते चल समारोह और दशहरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यह भव्य आयोजन नवा पारायण समिति और नगर परिषद् के तत्वाधान में हुआ। इस अवसर पर एसडीएम सुधीर कुशवाहा, एसडीओपी रोशन कुमार जैन, थाना प्रभारी घनश्याम सिंह दांगी, सीएमओ राम प्रसाद भावरे, पूर्व एसडीओपी दीपक कपूर, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, नपा अध्यक्ष मारुति शिशिर, मण्डल अध्यक्ष आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या श्रद्धालुओं, मातृशक्तियां, छोटे बच्चों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Exit mobile version