छावनी में 71 फीट रावण का हुआ दहन, संरक्षक अरोरा ने किया पंडित प्रदीप मिश्रा का सम्मान

सीहोर। शहर भर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप छावनी मैदान पर शहर का सबसे ऊंचा रावण का पुतला दहन किया गया। छावनी दशहरा उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 71 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और लंका के पुतलों का दहन हुआए जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में जन समुदाय उपस्थित रहा।
दशहरे के इस भव्य उत्सव के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा और समिति के अध्यक्ष आशीष गहलोत ने विशेष रूप से उपस्थित अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री अरोरा लंबे समय से अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक इस विजय दशमी पर्व को उत्साह के साथ मनाते आ रहे हैं। उन्होंने इस परम्परा को कायम रखने के लिए श्री अरोरा के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि विजयादशमी पर्व पर बाल विहार मैदान पर शाम 7 बजे के बाद रावण दहन किया गया। इससे पूर्व राम बारात निकाली गई, जिसमें राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के रूप में कलाकारों को रथ में बैठाया गया। बारात नमक चौराहे से शुरू होकर कार्यक्रम स्थल पहुंची, जहां जमकर आतिशबाजी हुई। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती, कथा वाचक मोहित पाठक और हर्षित शास्त्री आदि अतिथियों का भी स्वागत किया गया।