सुबह 10 बजे तक छाई रही धुंध की चादर

सीहोर। जिले में मौसम के मिजाज अब खतरनाक होने लगे हैं। हालांकि रात के तापमान में मामूली राहत मिली है और कड़ाके की ठंड कुछ कम हुई है, लेकिन कोहरे ने शहर को अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया है। आज शनिवार को आलम यह रहा कि सुबह 10 बजे तक पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे सडक़ों पर विजिबिलिटी बेहद कम रही।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले तीन दिनों तक जिले में घना कोहरा छाया रहेगा। सुबह के समय वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कोहरे के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग और स्कूल जाने वाले बच्चे भी परेशान हो रहे हैं।
जनवरी में दिखेगा ठंड का असली रूप
इस बार मौसम का चक्र थोड़ा बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते दिसंबर के महीने में प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई, जिसकी वजह से मौसम पूरी तरह साफ रहा और केवल शीतलहर का असर दिखा, लेकिन जनवरी का महीना कड़ाके की ठंड लेकर आ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जनवरी में 15 से 20 दिन तक जिले में शीतलहर चलने की संभावना है। दूसरे सप्ताह से कड़ाके की ठंड का नया दौर शुरू होगा। यह कड़ाके की ठंड महीने के आखिरी सप्ताह तक बनी रहेगी।
किसानों और आमजन के लिए सावधानी जरूरी
लगातार गिरते पारे और कोहरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को सुबह की ठंड से बचने की सलाह दी है। वहीं कोहरे के कारण फसलों पर भी इसका असर पडऩे की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि जैसे ही कोहरे का दौर छंटेगा, बर्फीली हवाएं शहर में दस्तक देंगी, जिससे रात और दिन दोनों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।



