भाई को बचाने भाई ने कुएं में लगा दी छलांग, दोनों की मौत, एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग

सीहोर। इछावर तहसील के ग्राम खजुरिया घेंघी में बुधवार को एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी जिसने सुनने वाले हर शख्स की रूह कंपा दी। खेत पर फसल कटाई के दौरान पानी भरने गए दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मर्मस्पर्शी बात यह रही कि छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और दोनों भाई एक साथ मौत के आगोश में समा गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण देवनारायण अपनी पत्नी और दो बेटों अनुराग 15 वर्ष और नैतिक 14 वर्ष के साथ गांव के ही किसान जितेंद्र के खेत में गेहूं की फसल काटने गए थे। दोपहर के समय प्यास लगने पर दोनों भाई पानी लेने के लिए पास ही स्थित एक कुएं पर पहुंचे। छोटा भाई नैतिक कुएं में उतरकर पानी भरने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।
भाई का प्रेम बना काल
कुएं में गिरे नैतिक को तड़पता और डूबता देख बड़ा भाई अनुराग एक पल के लिए भी नहीं झिझका। भाई को बचाने के जुनून में उसने बिना सोचे-समझे कुएं के गहरे पानी में छलांग लगा दी। अनुराग ने पूरी कोशिश की कि वह अपने छोटे भाई को बाहर निकाल सके, लेकिन कुआं गहरा होने के कारण दोनों भाई एक-दूसरे को पकड़ते हुए गहरे पानी की चपेट में आ गए। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद दोनों भाइयों की सांसें टूट गईं।

जूते-चप्पल देख माता-पिता के उड़े होश
खेत पर काम कर रहे माता-पिता को तब चिंता हुई जब काफी देर बीत जाने के बाद भी दोनों बेटे पानी लेकर नहीं लौटे। अनहोनी की आशंका में जब परिजन कुएं के पास पहुंचे तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कुएं की सतह पर बच्चों के जूते और चप्पल तैर रहे थे। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण इक_ा हुए और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शवों को बाहर निकाला गया।
गांव में पसरा मातम, प्रशासन ने बंधाया ढांढस
इस घटना के बाद से पूरे खजुरिया घेंघी गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही घर से दो मासूमों की अर्थियां उठते देख हर ग्रामीण की आंख नम हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी ने अस्पताल पहुंचकर पीडि़त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीडि़त परिवार को शासन की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

Exit mobile version