
सीहोर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत भैरूंदा विकासखंड के ग्राम पिपलानी में एक विशाल शिविर एवं प्रशासनिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया, उनकी शिकायतें सुनीं और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों का जागरूक होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित दौरा करें और आवेदनों का समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने किसानों को दी यह सलाह
– कम वर्षा को देखते हुए किसानों को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।
– कीटनाशकों के अधिक इस्तेमाल से स्वास्थ्य और जमीन को होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने को कहा।
– फसल कटाई के बाद खेतों में नरवाई न जलाने और उसका सही प्रबंधन करने की समझाइश दी।
– उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उन्नति का आधार है, इसलिए बेटे-बेटियों को बिना किसी भेदभाव के बेहतर शिक्षा दिलाएं।
एसपी ने दिए यातायात सुरक्षा के टिप्स
– किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा करें।
– सडक़ों पर चलते समय यातायात नियमों का कढ़ाई से पालन करें।
– किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।
स्वच्छता बनाए रखें और योजनाओं का लाभ लें
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सर्जना यादव ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने पूरे गांव को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण
शिविर के बाद अधिकारियों की टीम ने पिपलानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न शासकीय संस्थाओं व कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाएं देखीं और कर्मचारियों को हिदायत दी कि आम जनता को दी जाने वाली सेवाओं में किसी भी तरह की देरी न हो।
हितग्राहियों ने साझा कीं अपनी सफलता की कहानियां
कार्यक्रम के दौरान कई हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे शासन की योजनाओं का लाभ पाकर उनका जीवन सुलभ और आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए प्रशासन और सरकार का धन्यवाद जताया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि देवी सिंह धुर्वे, पर्वत सिंह उइके, कैलाश पटेल, महेश पटेल के साथ-साथ भैरूंदा एसडीएम सुधीर कुशवाह, जनपद सीईओ विनीत त्रिपाठी, जिला लोकसेवा प्रबंधक विजय बामकले, सहायक संचालक आकाश गोयल सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।