एक ही जमीन को कई लोगों को बेचकर 1.50 करोड़ की धोखाधड़ी, दम्पति पर 05 केस दर्ज, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सीहोर। कोतवाली थाना पुलिस ने जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक शातिर दम्पति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक ही कृषि भूमि का सौदा कई लोगों से कर लिया और करीब 1.50 करोड़ रुपये डकार लिए। पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ 05 अलग-अलग प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की हैं। मुख्य आरोपी दीनदयाल शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ठगी का यह पूरा खेल ग्राम नोनीखेड़ी गोसाई क्षेत्र से जुड़ा है। आरोपी दीनदयाल शर्मा और उसकी पत्नी वैशाली शर्मा ने ग्राम नोनीखेड़ी स्थित अपनी खसरा नंबर 537/04 (रकबा 1.962 हेक्टेयर) भूमि को बेचने के नाम पर जाल बुना।
जांच में सामने आया कि ये लोग एक संगठित गिरोह की तरह काम करते थे। इनके कथित सहयोगी और दलाल पहले ग्राहकों से संपर्क करते थे। जब कोई व्यक्ति जमीन खरीदने को तैयार हो जाता तो गिरोह के ही कुछ सदस्य फर्जी खरीदार बनकर सामने आ जाते और उस जमीन की कीमत बाजार भाव से कहीं ज्यादा बताते हुए बयाना देने का नाटक करते थे। इससे असली खरीदार को लगता था कि सौदा बहुत फायदे का है और वह जल्दबाजी में बड़ी राशि आरोपियों को दे देता था।
11 लोगों ने की शिकायत, 5 पर दर्ज हुए मुकदमे
पुलिस के अनुसारए इस धोखाधड़ी का शिकार हुए अब तक 11 लोग लिखित शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं। कोतवाली पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद 5 आवेदकों की शिकायतों पर प्रथम दृष्टया अपराध सही पाया। इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
इन लोगों के साथ हुई ठगी
– दीपक मिश्रा पिता एसबी मिश्रा, आयु 62 वर्ष निवासी वार्ड नं. 03, महिन्द्रा टाउनशिप फेस 02 बावडिय़ा कलां, सलैया भोपाल
– गुलाब सिंह राठौड़ पिता भगत सिंह राठौड़, उम्र 63 वर्ष, निवासी 16 आयकर कॉलोनी जी-03 गुलमोहर कालोनी त्रिलंगा भोपाल
– जितेंद्र सिंह पिता शिव प्रताप सिंह निवासी 240 सेक्टर रक्षा विहार तहसील हुजूर जिला भोपाल
– दिनेश कुमार सिंह पिता भजन सिंह निवासी हरदौल की लिस्ट एक सिटी खोलो खेड़ी भोपाल
– आर.एन. साहू पिता नथ्यन लाल साहू निवासी समृद्धि अपार्टमेंट दानिश कुंज भोपाल के साथ धोखाधड़ी होने पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा ने इस पूरे मामले की जांच की। साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दीनदयाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में उसकी पत्नी वैशाली शर्मा और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है, जिनकी गिरफ्तारी जल्द हो सकती है।
पुलिस की अपील
कोतवाली पुलिस का कहना है कि शेष 6 शिकायतों पर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही उन पर भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विवेचना के दौरान उन दलालों और सहयोगियों की भी पहचान कर रही है जो इस ठगी के सिंडिकेट में शामिल थे।

Exit mobile version