भीषण गर्मी के बीच आस्था की डुबकी, सत्तू अमावस्या पर नर्मदा तट पर पहुंचे श्रद्धालु
प्रसिद्ध नर्मदा तट आंवलीघाट सहित अन्य नर्मदा घाटों पर दिनभर लगा रहा तांता

सीहोर/रेहटी। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं ने वैशाख (सत्तू) अमावस्या पर नर्मदा तटों पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान लोग सुबह से ही नर्मदा घाटों पर पहुंचे और स्नान कर मंदिरों में सत्तू का दान किया। जिले के प्रसिद्ध नर्मटा तट आंवलीघाट पर लोग बड़ी संख्या में स्नान के लिए पहुंचे। इस दौरान यहां पर सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजार किए गए। यहां पर स्नान करके लोगों ने मंदिरों में पहुंचकर दर्शन किए एवं सत्तू का दान भी किया।
इस समय भीषण गर्मी का दौर है। ऐसी भीषण गर्मी में भी लोगों की आस्था में कोई कमी नहीं रही। सत्तू अमावस्या पर लोग सुबह से ही नर्मदा घाटों पर पहुंचे और स्नान किया। जिले के प्रसिद्ध नर्मदा तट आंवलीघाट, बुधनी, बाबरी सहित अन्य तटों पर सुबह से ही लोग पहुंचे और उन्होंने नर्मदा स्नान किया। सत्तू अमावस्या पर दान करने का भी रिवाज है। इस दौरान लोगों ने मंदिरों में दर्शन किए एवं सत्तू का दान भी किया। वैशाख (सत्तू)अमावस्या पर लोगों ने घरों में भी पूजा-अर्चना करके अमावस्या का पर्व मनाया। इसके बाद घरों में भी सत्तू घोलकर खाने की परंपरा रही है। इस दौरान घरों में सत्तू घोलकर खाया गया।
नर्मदा घाटों पर किए सुरक्षा के इंतजाम –
वैशाख (सत्तू) अमावस्या के दिन बड़ी संख्या में लोग स्नान करने के लिए नर्मदा घाटों पर पहुंचते हैं। इसको लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा की दुष्टि से व्यवस्थाएं की गईं। इस दौरान आंवलीघाट, बुधनी सहित अन्य घाटों पर पुलिसकर्मी, गोताखोरों को तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने अलसुबह से ही नर्मदा घाटों पर पहुंचकर स्नान किया एवं पूजा-अर्चना करके सत्तू का दान भी दिया। मान्यता है कि वैशाख मास की अमावस्या को सत्तू अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। सत्तू अमावस्या पर नर्मदा स्नान सहित तीर्थों पर स्नान-दान, पूजन और पितरों की पूजा के बाद सत्तू दान करने की विशेष परंपरा है। सनातन परंपरा में इस दिन न सिर्फ सत्तू के दान बल्कि सत्तू के सेवन का शुभफल बताया गया है। सत्तू अमावस्या का न सिर्फ धार्मिक बल्कि ज्योतिष महत्व भी है। ज्योतिष की दृष्टि से पितृदोष और कालसर्प दोष दूर करने वाली शांति पूजा के लिए सत्तू अमावस्या को बेहद शुभ माना गया है।
वैशाख अमावस्या पर 108 दीप प्रज्जवलित कर की यज्ञ आरती –
हर साल की तरह इस साल भी सीहोर के सीवन तट पर हनुमान मंदिर गोपालधाम में शिव प्रदोष सेवा समिति के तत्वाधान में एक माह तक आयोजित होने वाले शिव शक्ति दिव्य अनुष्ठान वैशाख महापर्व के अंतर्गत रविवार को वैशाख अमावस्या पर 108 दीप प्रज्जवलित कर यज्ञ की आरती की गई। इस मौके पर पंडित कुणाल व्यास और मनोज दीक्षित मामा के मार्गदर्शन में संकल्प वद्धाश्रम के संस्थापक वीपी सिंह, विमला सिंह, श्रद्धा भक्ति सेवा समिति की ओर से राहुल सिंह, निशा सिंह आदि ने पूर्ण-विधि-विधान से हवन की आहुतियां दी। पंडित श्री व्यास ने बताया कि इस दिव्य अनुष्ठान में सिद्धपुर की धरा पर सीवन नदी के तट पर नूतन हिन्दु नव वर्ष के प्रथम चैत्र मास की चैत्र सुदी पूर्णिमा से वैशाख सुदी पूर्णिमा तक विशेष शिव शक्ति दिव्य अनुष्ठान शास्त्र अनुसार पितृ हेतु वैशाख माह में जल का दान, घड़े का तथा भगवान शिव पर 1 मास कुंभ द्वारा महाअभिषेक एवं महा पारायण शुभ होता है। जन्म कुण्डली में अशुभ दोषों का निवारण, एवं महादशा, अर्न्तदशा, समस्त रोग, भय, पीड़ा, महामंगल दोष एवं शनि दोष की शांति, अगार मंगल दोष शांति, सर्ववाधा निवारण, पर मंत्र, पर यंत्र, पर तंत्र, शत्रुओं पर विजय पाना, सुख-शांति, ग्रह दोषों का निवारण, धन प्राप्ति, समस्त मनोकामना, मनोवांछित फल प्राप्ति समस्त दोषों का निवारण 1 माह तक चलने वाला दिव्य अनुष्ठान में गणेश अर्थव शीर्ष, श्री महामृत्युंजय जाप, श्री महारूद्र अभिषेक, श्री दुर्गा सप्ताशती चण्डी पाठ मंगल चण्डी विधान, श्री रामचरित्र मानस (मास पारायण) सुन्दर काण्ड, हनुमान चालीसा आदि किया जा रहा है।