30 रुपये के विवाद, युवक ने दुकानदार पिता-पुत्र पर किया हमला

सीहोर। आष्टा की आदर्श कॉलोनी में बीती शुक्रवार की रात मामूली लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मात्र 30 रुपये के विवाद में एक युवक ने न केवल दुकानदार पिता-पुत्र पर हमला किया, बल्कि बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 9.30 बजे आरोपी आकाश मालवीय, आदर्श कॉलोनी स्थित बादल मेवाड़ा की दुकान पर सिगरेट लेने गया था। वहां 30 रुपये के लेनदेन को लेकर आकाश और बादल मेवाड़ा के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढऩे पर मौके पर मौजूद बादल के पुत्र कृष्णा मेवाड़ा और आकाश के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसी दौरान आक्रोशित आकाश ने पत्थर मारकर बादल और कृष्णा को चोट पहुंचा दी।
दराता लेकर चौराहे पर मचाया उत्पात
घटना के बाद आरोपी आकाश मालवीय शराब के नशे में धुत होकर अपने घर गया और वहां से एक दराता लेकर निकल आया। वह हॉस्पिटल चौराहे के पास हथियार लहराते हुए घूम रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब उसे पकडऩे का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। इस छीना-झपटी में बीच-बचाव कर रहे राजा खान के अंगूठे और हाथ में गंभीर चोट आई। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया और उसके साथ मारपीट भी कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
आरोपी हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी आकाश मालवीय को हिरासत में लेकर उसके पास से दराता जप्त किया। घायल राजा खान को तत्काल सिविल अस्पताल आष्टा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हाथ की चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें सीहोर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी आकाश मालवीय के विरुद्ध हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।



