
सीहोर। जिले के भैरूंदा नगर में अवैध सूदखोरी का जाल इस कदर फैल चुका है कि आम आदमी अपनी मेहनत की कमाई लुटाने के बाद भी जान बचाने की भीख मांग रहा है। ताजा मामला वार्ड क्रमांक-1 सुभाष कॉलोनी का है, जहां एक परिवार सूदखोरों के आतंक से इतना खौफजदा है कि उसने अब इच्छा मृत्यु तक की बात कह दी है।
पीडि़त सत्यनारायण राठौर ने कलेक्टर को सौंपी शिकायत में बताया कि उसने क्षेत्र के अरविंद राठौर, अर्जुन राठौर और जीतू सेन से जरूरत पडऩे पर मात्र 20 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपियों ने 20 प्रतिशत के भारी-भरकम ब्याज पर यह राशि दी थी। पीडि़त का आरोप है कि वह अब तक किस्तों में करीब 1 लाख 50 हजार रुपये चुका चुका है, लेकिन सूदखोरों का पेट अभी भी नहीं भरा है।
घर आकर दे रहे जान से मारने की धमकी
सत्यनारायण ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं कि मोटी रकम वसूलने के बाद भी आरोपी संतुष्ट नहीं हैं। वे आए दिन रास्ते में रोककर गाली-गलौज करते हैं और घर पहुंचकर परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। आरोपियों के रसूख और आर्थिक मजबूती के कारण पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव में है। पीड़त का कहना है कि इन लोगों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से इनके हौसले बुलंद हैं।
कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन उठाना होगा कठोर कदम
हताश पीडि़त ने कलेक्टर से गुहार लगाई है कि यदि इन प्रभावशाली सूदखोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो वह अपने परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग करता है। पीडि़त ने चेतावनी दी है कि समय रहते न्याय नहीं मिला तो वह परिवार सहित कोई भी कठोर कदम उठाने को विवश होगा।
नगर में पैर पसार रहा है अवैध कारोबार
बता दें भैरूंदा नगर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध सूदखोरी का धंधा कुटीर उद्योग की तरह फैल रहा है। गरीब और मध्यम वर्ग के लोग मजबूरी में इनसे पैसा लेते हैं और फिर ब्याज के अंतहीन चक्र में फंसकर बर्बाद हो रहे हैं। क्षेत्र के कई अन्य लोग भी इन सूदखोरों के शिकार हैं, लेकिन डर के मारे सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।