कुबेरेश्वरधाम में लगेगा विशाल नि:शुल्क नेत्र शिविर, पं. प्रदीप मिश्रा ने किया अत्याधुनिक गोविन्द नेत्रालय का निरीक्षण

सीहोर। विठलेश सेवा समिति के तत्वाधान में और कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में कुबेरेश्वरधाम पर आगामी दिनों में एक भव्य नि:शुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर मंदिर परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित होगा, जिसका लाभ श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी उठा सकेंगे।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने सैकड़ाखेड़ी स्थित नवनिर्मित गोविन्द नेत्रालय और फर्टिलिटी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और तकनीक की प्रशंसा की। यह केंद्र शहर की नई पहचान बनकर उभर रहा है, जहां उन्नत मशीनों के जरिए आंखों का उपचार और नि:संतानता का इलाज एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगा।
समाज सेवा का संकल्प
नेत्र पखवाड़े के अंतर्गत डॉ. जितेन्द्र मंधानी (प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ) और ज्योति सोशल एंड कल्चरल वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से कुबेरेश्वरधाम के साथ-साथ संकल्प वृद्धाश्रम में भी शिविर लगाए जाएंगे। डॉ. मंधानी ने बताया कि शिविर में मरीजों की आंखों की जांच ऑटोमेटिक आधुनिक मशीनों द्वारा की जाएगी। जरूरतमंदों को निशुल्क परामर्श और दवाइयों का वितरण होगा। इसका मुख्य उद्देश्य दृष्टिहीनता के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों की जिंदगी में रोशनी लाना है।
नि:संतान दंपतियों के लिए आशा की किरण बनीं डॉ. अमरजीत मंधानी
गोविन्द फर्टिलिटी सेंटर की निदेशक और अनुभवी आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. अमरजीत मंधानी बांझपन से जूझ रहे परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित हो रही हैं। डॉ. मंधानी के नेतृत्व में अब तक 150 से अधिक सफल आईयूआई प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। यहां आईवीएफ, आईयूआई, आईसीएसआई और लेप्रोस्कोपी जैसे अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध हैं। यहां की विशेषता यह है कि यहां डॉक्टर मरीजों को न केवल चिकित्सा बल्कि भावनात्मक सहयोग भी प्रदान करती हैं, जिससे उपचार की राह आसान हो जाती है।



