गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का महासैलाब, कुबेरेश्वरधाम में लाखों श्रद्धालुओं ने किए गुरु दर्शन, आश्रमों व स्कूलों में हुए अनेक आयोजन

सीहोर। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को जिला मुख्यालय पूरी तरह से गुरु भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वरधाम से लेकर शहर के प्रमुख आश्रमों, साहित्यिक गोष्ठियों, खेल मैदानों और शैक्षणिक संस्थानों तक में गुरु पूजन और वंदन के भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कुबेरेश्वरधाम: 1 किलोमीटर लंबी कतारें
करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बने कुबेरेश्वरधाम में छह दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समापन बुधवार को भक्ति और सेवा के अभूतपूर्व माहौल में हुआ। धाम समिति के दावे के अनुसार छह दिनों के दौरान यहां करीब 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कथा, गुरु पूजन, सत्संग और दीक्षा में भाग लिया। गुरु पूजन और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में इतना उत्साह था कि धाम परिसर में लगभग एक किलोमीटर लंबी कतारें लगी रहीं। विठलेश सेवा समिति के पंडित विनय मिश्रा और पंडित समीर शुक्ला की अगुवाई में 25 क्विंटल से अधिक नुक्ति का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से कहा कि सच्चा गुरु वही है जिसका आचरण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। गलत व्यक्ति को गुरु बनाने से जीवन में भ्रम बढ़ता है। माता, पिता, शिक्षक और सद्गुरु ये चार ही मनुष्य के जीवन को संस्कारित और सफल बनाते हैं। इधर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल विभाग ने सीहोर स्टेशन पर 10 अतिरिक्त ट्रेनों का ठहराव प्रदान किया।

श्रीरामकुटी आश्रम: गुरुपादुका पूजन और विशाल भंडारा
रेलवे स्टेशन रोड स्थित त्यागी बाबा आश्रम में श्रीश्री 1008 श्री उद्धवदास त्यागी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। ब्रह्मबेला से ही गुरुपादुका पूजन, अभिषेक और महाआरती के साथ कार्यक्रम शुरू हुए। उद्धवदास जी महाराज ने कहा कि बिना गुरु कृपा के किसी जीव का कल्याण संभव नहीं है। गुरु की कृपा असंभव को भी संभव बना देती है। दोपहर से शुरू हुआ विशाल भंडारा देर शाम तक चला, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की और नए शिष्यों ने गुरुदीक्षा ली।

140 खिलाडिय़ों ने दिखाई प्रतिभा
खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा चर्च ग्राउंड स्थित बैडमिंटन हॉल में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व मनाया गया। कुश्ती प्रतियोगिता में करीब 140 खिलाडिय़ों ने सहभागिता की। इस दौरान परिसर में पौधारोपण भी किया गया। जिला खेल अधिकारी रूबिका देवान ने विक्रम अवार्डी नितिन शर्मा पावर लिफ्टिंग, सुयश कनौजिया अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी और लोकेश परमार राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी-प्रशिक्षक को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय: सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सीहोर में 15 जुलाई से चल रहे पखवाड़े का समापन गुरु पूर्णिमा उत्सव के साथ हुआ। प्रभारी प्राचार्य डॉ. राजेंद्र देशमुख, देवेंद्र राय और संतोष सोनी ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों को तिलक लगाकर व माला पहनाकर आशीर्वाद लिया। निबंध व भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

विचार व काव्य गोष्ठी से रचा आध्यात्मिक माहौल
अखिल भारतीय साहित्य परिषद सीहोर द्वारा वरिष्ठ कवि त्रिलोचन प्रसाद दुबे की अध्यक्षता में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। संचालन डॉ. विजेंद्र जायसवाल ने किया। कवियों ने गुरु महिमा, राष्ट्रभक्ति और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित सुंदर रचनाओं का पाठ किया।

Exit mobile version