
सीहोर। पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी, उमस और सूरज के तीखे तेवरों से भट्टी की तरह तप रहे जिले के लोगों को शनिवार को मौसम बदलने से राहत तो मिली, लेकिन आधी रात को आए आंधी तूफान ने नागरिकों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं। जिला मुख्यालय सहित आसपास के अंचल में आधी रात को अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और जमकर धूलभरी आंधी चली। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली के तार टूटने और तकनीकी खराबी की वजह से बत्ती गुल हो गई जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बता दें शनिवार की आधी रात को जिला मुख्यालय पर अचानक हवा की रफ्तार तेज हो गई और देखते ही देखते इसने भीषण आंधी का रूप ले लिया। इस तूफान का सबसे बड़ा असर शहर की बिजली व्यवस्था पर पड़ा। तेज आंधी चलते ही एहतियातन और कई जगहों पर फॉल्ट होने के कारण पूरे शहर की बिजली गुल हो गई। उमस और अंधेरे के बीच लोगों की रात की नींद उड़ गई। बिजली विभाग की टीमें रात में ही सुधार कार्य में जुट गईं, लेकिन कई इलाकों में सुबह तक बिजली की आंखमिचौली चलती रही, जिससे लोग बेहद परेशान नजर आए।
नौतपे के आखिरी दिनों में बदला मौसम
बता दें कि यह पूरा हफ्ता ‘नौतपेश् का था, जिसमें सूरज की भीषण आग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। दोपहर होते ही पारा 43 से 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जिसके चलते बाजारों में अघोषित कफ्र्यू जैसा सन्नाटा पसर जाता था। लेकिन शनिवार को प्री-मानसून की दस्तक ने इस तपन को शांत कर दिया। जिले के आष्टा, जावर और इछावर में तेज हवाओं के साथ जोरदार प्री-मानसून बारिश हुई। इस बारिश से पूरा इलाका तरबतर हो गया और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
अलनीनो के असर से टूट रहे थे रिकॉर्ड
इस साल जिले में अलनीनो के प्रभाव के चलते गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विभाग के अनुसार जिले के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब लगातार 10 दिनों से अधिक समय तक सीहोर का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार बना रहा। दोपहर 11 बजे से शहर का गांधी रोड, बड़ा बाजार, पान चौराहा, तहसील चौराहा और कोतवाली चौराहा पर सन्नाटा छा जाता था, जिससे व्यापारियों का धंधा पूरी तरह मंदा पड़ गया था। लोग केवल सुबह या शाम को ही घरों से बाहर निकल रहे थे।
शुरू हुआ मानसून का काउंटडाउन
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि यह पूरी तरह से एक प्री मानसून एक्टिविटी है, जो इस बात का साफ संकेत है कि मानसून अपने सही समय पर आ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटों में जिले के एक बड़े हिस्से में फिर से तेज धूलभरी आंधी चल सकती है और गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। जिले में अब मानसून का काउंटडाउन शुरू हो चुका है, जिससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से पूरी तरह राहत मिल जाएगी।