इश्क में अंधी मां ने प्रेमी के साथ मिलकर की 9 साल की बेटी की हत्या, पुलिस ने दोनों को दबोचा

सीहोर। प्रेम प्रसंग के चलते एक मां द्वारा अपनी ही मासूम बेटी की हत्या करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरी में हुई 9 साल की बालिका राधिका की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में मृतिका की मां सुषमा यदुवंशी और उसके प्रेमी राहुल यदुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में आरोपी राहुल ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। राहुल ने बताया कि उसका सुषमा यदुवंशी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सुषमा की बेटी राधिका उनके संबंधों के बीच बाधा बन रही थी। इसे रास्ते से हटाने के लिए मां सुषमा और उसके प्रेमी राहुल ने खौफनाक साजिश रची।
अकेली पाकर लेगी से घोंटा गला
योजना के मुताबिक 17 फरवरी को सुषमा सुबह 9 बजे काम पर चली गई ताकि घर पर राधिका अकेली रहे। दोपहर करीब 11.30 बजे राहुल घर में घुसा और वहां रखी एक श्लेगीश् से मासूम राधिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। खुद सुषमा ने ही अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस टीम की सतर्कता से पकड़े गए हत्यारे
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश और एसडीओपी पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में रेहटी थाना प्रभारी राजेश कहारे ने टीम गठित की। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर राहुल से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और सुषमा की संलिप्तता की बात भी उजागर कर दी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में निरीक्षक राजेश कहारे, उनि नंदराम अहिरवार, उनि बीएस सिकरवार, सायबर सेल से सुशील साल्वे और अन्य पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

Exit mobile version