इछावर-भेरुंदा मार्ग पर धू-धू कर जली चलती कार, सवारों ने कूदकर बचाई जान

सीहोर। इछावर-भेरुंदा मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। यहां नादान घाट के पास एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि कार में सवार लोगों ने आग की लपटें उठती देख तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर एक कार इछावर से भेरुंदा की ओर जा रही थी। जैसे ही कार नादान घाट के पास पहुंची, इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, आग की लपटें उठने लगीं। कार सवारों ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते चलती कार को किनारे रोककर बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
फायर ब्रिगेड की देरी से कार हुई खाक
राहगीरों ने तुरंत घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दे दी गई थी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में कार का सिर्फ ढांचा ही बचा।
दोनों ओर थमा टै्रफिक
बीच सडक़ पर कार में आग लगने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां के रहने वाले थे। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



