
सीहोर। कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से ही लगातार अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था, जिसे अब सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अनिल पिता मोरसिंह भिलाला निवासी ग्राम धामनखेड़ा ने अपने साथियों के साथ मिलकर 8 मार्च 2023 को संतोष नामक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस मामले में कोतवाली थाने में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही अनिल फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10ए000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ऐसे चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन
फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशन और एएसपी सुनीता रावत व सीएसपी डॉ. अभिनन्दना शर्मा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी रवींद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां धामनखेड़ा से लेकर देवास तक दबिश दी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया ताकि आरोपी की हर हलचल पर नजर रखी जा सके।
गांव आते ही पुलिस के जाल में फंसा
11 अप्रैल को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि ईनामी आरोपी अनिल अपने गांव धामनखेड़ा आने वाला है। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए गांव में घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव, उपनिरीक्षक विवेक आर्य, प्रधान आरक्षक पंकज यादव, आरक्षक वीरेंद्र सिंह परमार, कपिल मेवाड़ा, विवेक दांगी और राजेंद्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।