सोशल मीडिया की पोस्ट बनी जंग का मैदान, विधायक पुत्र और पूर्व पार्षद के बीच घर में घुसकर झड़प

सीहोर। सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट ने आष्टा की राजनीति में उबाल ला दिया है। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक पुत्र व जिला पंचायत सदस्य और पूर्व पार्षद के बीच घर के भीतर घुसकर मारपीट की नौबत आ गई। इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के बाद पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई। थाना प्रभारी गिरीश दुबे के मुताबिक महेंद्र सिंह इंजीनियर (विधायक पुत्र) उक्त पोस्ट के सिलसिले में पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय को समझाने उनके घर पहुंचे थे। वहीं बाबूलाल मालवीय का आरोप बिल्कुल उलट है। उनका कहना है कि महेंद्र सिंह उन्हें जान से मारने की नीयत से घर में घुसे थे।
पूर्व पार्षद का आरोप
बाबूलाल मालवीय ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी ने घर के बाहर जूता स्टैंड के पास किसी की आहट सुनी थी। जैसे ही वह अंदर आई, पीछे-पीछे महेंद्र सिंह इंजीनियर भी घर में दाखिल हो गए और मारपीट शुरू कर दी। बाबूलाल ने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें महेंद्र सिंह उनके घर के अंदर नजर आ रहे हैं।
विधायक पुत्र की शिकायत पर भी कार्रवाई
दूसरी तरफ जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर की शिकायत पर भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय सहित कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महेंद्र पक्ष का दावा है कि वे केवल बातचीत करने गए थे, जहां उनके साथ अभद्रता की गई।



