
सीहोर। सावन के पवित्र महीने में शहर की जीवनदायिनी सीवन नदी से लेकर बाबा केदारनाथ धाम तक भक्ति और आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा। श्री माधव महाकाल आश्रम के तत्वावधान में आयोजित इस विशाल कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संत काटारे बाबा के आशीर्वाद और कथाव्यास पंडित मोहितराम पाठक के पावन सान्निध्य में यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
इस यात्रा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जसपाल सिंह अरोरा और उनकी धर्मपत्नी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अमिता अरोरा भी मौजूद रहे। अरोरा ने कंधे पर कांवड़ उठाकर पदयात्रा की। सीवन नदी के पवित्र जल से कांवड़ भरकर श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ का भव्य जलाभिषेक किया और प्रदेश व नगर की सुख-समृद्धि की कामना की। जलाभिषेक के पश्चात श्रद्धालुओं ने अमृत कुंड से जल ग्रहण किया।
हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुआ क्षेत्र
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर शिवभक्तझूमते नजर आए। यात्रा में विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, जसपाल सिंह अरोरा, पूर्व नपाध्यक्ष अमिता अरोरा, प्रीतम सांखला, संध्या बजाज, ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दीपक शर्मा, राजेश मोहन, मनोज जैन सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक और युवा शामिल हुए।
भंडारे में ग्रहण की प्रसादी
आयोजन के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सभी कांवडिय़ों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। श्री माधव महाकाल आश्रम के प्रतिनिधि तुलसीराम परमार ने बताया कि सावन माह की इस धार्मिक श्रृंखला के तहत आगामी 17 अगस्त को रात 8 बजे भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से उपस्थित रहने की अपील की गई है।